जब मां कोठी पहुंची तो उसने देखा कि बेटी का शव जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। मां फूट-फूट कर रोने लगी, जिस पर कोठी मालिक ने कहा कि इसने खुद ही फंदा लगाया है। फंदे की बात सुनकर मां ने बेटी का गला देखा, तो गले में नाममात्र की गांठ लगी थी। नीले रंग की चुन्नी पंखे से बंधी थी, लेकिन गले पर बंधी ही नहीं थी।
इसके अलावा बेटी के नाक व मुंह से खून आ रहा था। कोठी मालिक व मेड की मां शव को सामान्य अस्पताल ले कर गए। जहां रविवार की रात को उसका पंचनामा भरकर शवगृह में रखवा दिया। सोमवार को दोपहर बाद परिजन व पुलिस सामान्य अस्पताल पहुंचे। पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने कोठी मालिक पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पापा, ये मुझे मार देंगे, आप मुझे यहां से लेने आ जाओ
मूलरूप से यूपी के जिला गोंडा के गांव बहादुरपुर व हाल ईदगाह कॉलोनी मॉडल टाउन निवासी अंगद ने बताया कि वह पानीपत में मजदूरी करता है। साथ में उसकी पत्नी भी फैक्ट्री में मजदूरी करती है। पिता ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी 19 साल की पूजा 3 साल से मॉडल टाउन की ममता पत्नी योगेश की कोठी में काम करती थी।
वह वहीं रहती थी। रविवार को बेटी ने उसको दोपहर दो बजे मालिक के फोन से कॉल किया। पिता ने फोन उठाने के बाद जब हेलो बोला तो सामने से बेटी की रोने की आवाज सुनी। पिता ने कहा कि पूजा, बेटा क्या हुआ? पिता की आवाज सुनने के बाद पूजा ने कहा कि पापा मुझे मालिक बहुत देर से पीट रहे हैं। वह मुझे लगातार मारे जा रहे हैं।
लगभग 5 मिनट की बातचीत के दौरान पिता ने बेटी को ही समझाया। उन्होंने कहा कि कोई नहीं बेटी, तुमने कोई गलती की होगी, तुम दोबार से ऐसा न करो, इसलिए उन्होंने मारा होगा। इसके बाद पिता ने मालिक से बात की। मालिक से बात कर पिता ने बेटी को मारपीट से नहीं, बल्कि प्यार से व डांट से समझाने का आग्रह किया।
इतनी बात होने पर कॉल कट गया। कुछ देर बाद पिता के पास फिर से बेटी की कॉल आई। लगभग 1 मिनट 7 सेकेंड की इस रिकॉर्डिंग में फोन उठाते ही बेटी ने कहा कि पापा ये मुझे मार देंगे, मुझे बचा लो। आप मुझे यहां जल्दी से लेने आ जाओ। इससे पहले पिता कुछ समझ व बोल पाते, कॉल कट गई।
15 जून को होनी थी लाडो की शादी
बेटी के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने पहुंची मां संगीता ने बताया कि उसकी बड़ी लाडो (लाडो) की शादी 15 जून को यूपी गोंडा निवासी युवक के साथ होनी थी। विवाह की तैयारियों के लिए ही पिता गांव गया हुआ था।
रविवार दोपहर करीब 4 बजे बेटी के पिता ने पत्नी को कॉल किया और बेटी के पास जल्दी पहुंचने की बात कही। मां फैक्ट्री से तुरंत पहले ईदगाह रोड स्थित अपने कमरे पर पहुंची। मां के कमरे पर पहुंचने से पहले ही बेटी की मालकिन ममता वहां पहुंची हुई थी। ममता ने संगीता को कहा कि मेरे साथ कोठी पर चल और देख कि तेरी बेटी ने क्या किया है।
संगीता ने वहां जाकर देखा तो वहां बेटी का शव पड़ा हुआ था। मृतका 5 भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। फिलहाल मेड के परिजनों के बयान ले लिए गए हैं। मंगलवार को पोस्टमार्टम होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अगर इसमें और धाराएं जोड़नी पड़ीं तो जोड़ेंगे। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाएंगे। - हरविंद्र सिंह, थाना मॉडल टाउन, प्रभारी।