चंडीगढ़। शूटिंग खिलाड़ी सरबजोत सिंह ने म्यूनिख में चल रहे अंतरराष्ट्रीय शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) विश्व कप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक के साथ भारत का खाता खोला है। डीएवी कॉलेज-10 में पढ़ने वाले सरबजोत सिंह (22) ने फाइनल में 242.7 का स्कोर किया। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी चीन के बू शुआईहांग को 0.2 अंक से पीछे छोड़ा। जर्मनी के रॉबिन वाल्टर ने कांस्य पदक जीता।
सरबजोत ने इससे पहले बुधवार को 588 का सर्वोच्च स्कोर बनाकर निर्णायक मुकाबले के लिए क्वालीफाई किया था। फाइनल में बू शुआईहांग और रॉबिन के अलावा मौजूदा चीनी विश्व चैंपियन बोवेन झांग और तुर्की के चार बार के ओलंपियन यूसुफ डिकेक भी शामिल थे। इन परिस्थितियों में सरबजोत सिंह ने पिछले साल भोपाल में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अपने दूसरे व्यक्तिगत आईएसएसएफ विश्व कप पदक के लिए एक विश्वसनीय जीत हासिल की। सरबजोत ने शुरुआती बढ़त हासिल करने के लिए पहले पांच एकल शॉट्स में तीन हाई 10 का स्कोर बनाकर सबसे मजबूत प्रदर्शन किया।
अंबाला के धीन गांव के रहने वाले हैं सरबजोत सिंह : डीएवी कॉलेज-10 में एमए लोक प्रशासन (द्वितीय वर्ष) में पढ़ाई करने वाले शूटर सरबजोत सिंह पेरिस ओलंपिक-2024 का टिकट कटवा चुके है। उन्होंने पिछले वर्ष कोरिया में आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल किया। सरबजोत सिंह मूल रूप से अंबाला के धीन गांव के रहने वाले हैं।