रामपाल की गिरफ्तारी के बाद बृहस्पतिवार को सीआरपीएफ और हरियाणा पुलिस के जवानों ने आश्रम पूरी तरह खाली करवा दिया। दोपहर करीब पौने एक बजे पुलिस ने आश्रम में प्रवेश किया और वहां से 7000 अनुयायियों को बाहर निकाला।
विज्ञापन
इस दौरान पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद मीडियाकर्मियों की मौजूदगी में सीआरपीएफ और हरियाणा पुलिस के जवानों ने आश्रम में सर्च अभियान शुरू किया। आश्रम में भारी मात्रा में पेट्रोल बम, तेजाब के पाउच, पत्थर और लाठी डंडों के अलावा काफी संख्या में हथियार भी मिले हैं। इसके साथ यहां हैंड मेटल डिटेक्टर और कई खतरनाक केमिकल भी बरामद हुए हैं।
आश्रम में यौन शोषण का भी मामला सामने आया है। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि हमारे साथ यहां कई दिनों से लगातार दुराचार हो रहा था। विरोध करने पर हमें कमरों में बंद कर दिया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यहां लड़कियों और महिलाओं को अलग-अलग कमरों में रखा जाता था। देर शाम तक फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड सर्च अभियान में जुटी थी।
विज्ञापन
लोग अपनी मर्जी से बाहर आ रहे थे
बुधवार देर शाम रामपाल की गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस ने आश्रम में मौजूद अनुयायियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया था, जो लोग अपनी मर्जी से बाहर आ रहे थे उन्हें सुरक्षित रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड भिजवाया जा रहा था।
रातभर में करीब 2000 हजार अनुयायी आश्रम खाली करके निकले। इसके बाद बृहस्पतिवार पौने एक बजे सीआरपीएफ और हरियाणा पुलिस के जवानों ने आश्रम में प्रवेश किया और वहां मौजूद करीब 7000 अनुयायियों को बाहर निकालना शुरू किया।
इसी के साथ ही पुलिस अपना सर्च अभियान भी चलाया। यहां पुलिस को भारी मात्रा में पेट्रोल बम, तेजाब से भरे पाउच, लाठी डंडे, हैंड मेटल डिटेक्टर आदि बरामद हुए हैं। अनुयायियों ने आश्रम के अंदर की फर्श तोड़कर पत्थर एकत्रित कर रखे थे जो पुलिस पर फेंके जाने थे। आलीशान आश्रम देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए।
अंदर बड़े-बड़े हाल थे जिनमें करीब पचास हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है, क्लॉकरूम, सिंगिल बेड रूम, डबल बेडरूम, आधुनिक ट्वॉयलेट्र, एक शानदार अस्पताल देखकर सभी दंग रह गए। सूत्रों के अनुसार पुलिस को यहां से राइफल, बंदूक और रिवॉल्वर आदि असलहे भी मिले हैं लेकिन पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। देर शाम तक चले सर्च अभियान के बाद पूरे आश्रम पर आरएएफ की दो कंपनियों को तैनात कर दिया गया है। जिसमें करीबन 170 जवान 24 घंटे आश्रम की घेराबंदी करके रखेंगे।
राजशाही की तर्ज पर बना है आश्रम
आश्रम में दोपहर एक बजे के बाद करीब एक घंटे के लिए मीडिया कर्मियों को भी प्रवेश दिया गया। किसी राजमहल की तरह बने इस आश्रम आश्रम को देखकर सभी ने दांतों तले उंगली दबा ली। आश्रम के अंदरन पांच मंजिला रामपाल की कोठी बनी है। तीन बड़े-बड़े तहखाने हैं, जिसमें लिफ्ट के माध्यम से ही एंट्री हो सकती है।
कोठी में एसी बाथरूम व लग्जरी गाड़ियां मौजूद थीं। रामपाल के लिए एक बुलेट प्रूफ गाड़ी ओर एक डीलक्स बस, जिसमें सारी सुविधाएं मौजूद थीं। आश्रम में कई शाही बेडरूम बनें हैं, जिनमें एलईडी, ड्रेसिंग टेबल आदि सभी संसाधन उपलब्ध हैं।
आश्रम के अंदर के आधुनिक अस्पताल भी है। इसमें एक्सरे, अल्ट्रासाउंड आदि की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। यहां से कुछ लाल पीली दवाएं भी बरामद हुई हैं। जिनसे रामपाल मरीजों का इलाज करता था। हालांकि यह सभी दवाएं किसी ब्रांड की नहीं हैं। ऐसे में यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि यहां महिलाओं के गर्भपात का धंधा भी फल-फूल रहा था।
कल खुल सकती है इलेक्ट्रानिक्स तिजोरियां आश्रम में रामपाल की कोठी में इलेक्ट्रॉनिक्स तिजोरियां भी बनी हुई हैं। इन तिजोरियों को अभी तक खोला नहीं गया है। संभावना जताई जा रही है कि इनमें करोड़ों का सोना चांदी व नकदी हो सकता है। प्रशासन इन तिजोरियों को शुक्रवार को खोल सकता है।