पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने फिल्म रामलीला में धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने के आरोप में निर्देशक संजय लीला भंसाली समेत स्टारकास्ट पर दर्ज दो एफआईआर रद्द कर दी है। हाईकोर्ट ने अभी तक इन मामलों में गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी थी, लेकिन याचिका मंजूर करते हुए अब मामला रद्द कर दिया गया है।
आरोप की शिकायत पर लुधियाना और होशियारपुर में संजय लीला भंसाली, अभिनेता रणबीर सिंह, प्रियंका चोपड़ा और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के खिलाफ दो मामले दर्ज हुए थे।
संजय लीला भंसाली, रणबीर सिंह, प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण ने एफआईआर रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर की थीं। उन्होंने कहा था कि शिकायतकर्ता ललित कुमार ने सितंबर 2013 में कथित आपत्तिजनक दृश्यों को लेकर जो शिकायत की थी, वह शिकायत केवल सेंसर बोर्ड को दी जा सकती है। हाईकोर्ट ने मामले में प्रारंभिक तौर पर चारों को गिरफ्तार करने पर रोक लगा दी थी और सुनवाई जारी थी।