चंडीगढ़। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए अब शहर में हाईटेक ड्रोन से सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर भारतीय वायुसेना के अधिकारियों की देखरेख में सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है। वायुसेना की अंबाला यूनिट से विशेषज्ञ अधिकारी शनिवार को चंडीगढ़ पहुंचे और उनकी देखरेख में सेक्टर-39 की ग्रेन मार्केट परिसर को सैनिटाइज किया गया। इस मौके पर मेयर राजबाला मलिक और निगम कमिश्नर केके यादव भी मौजूद रहे।
बता दें कि शहर में बीते 18 दिनों से सैनिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य को और गति देने के लिए प्रशासन की ओर से एक निजी कंपनी के प्रस्ताव पर उपलब्ध कराए गए हाईटेक ड्रोन के जरिए सैनिटाइजेशन की मंजूरी डीसी के स्तर पर दी गई है। निगम के अधिकारियों की देखरेख में यह कार्य किया जा रहा है। शहर में ड्रोन उड़ाने के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए वायुसेना की मदद ली जा रही है। शनिवार को सेक्टर-39 की ग्रेन मार्केट में ड्रोन उड़ाने के दौरान वायुसेना के अधिकारी मौजूद रहे। उन्हीं की देखरेख में ड्रोन से मार्केट परिसर को सैनिटाइज किया गया। चंडीगढ़ के लिए यह पहला मौका है कि हाईटैक ड्रोन के जरिए सैनिटाइजेशन का काम शुरू किया गया है। बता दें कि इस बार कनक खरीद के लिए यूटी प्रशासन के द्वारा सेक्टर-39 स्थित ग्रेन मार्केट परिसर में कनक की खरीद फरोख्त की जा रही है। इस हाईटैक ड्रोन के जरिए शहर में कर्फ्यू और लॉकडाउन के नियमों को तोड़ने वालों पर भी पैनी नजर रखी जाएगी।