हरियाणा सरकार द्वारा ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत अपने सभी कार्यालयों और भवनों में स्वच्छता रखने के संबंध में 16 से 31 मई तक एक पखवाड़ा चलने वाले स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्णित विषयक कैलेंडर अनुसार इस अभियान की शुरुआत की जा रही है।
प्रवक्ता ने कहा कि सभी कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सामूहिक स्वच्छता शपथ लेने और शपथ की फोटो और गतिविधियां swachhbharat.mygov.in पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शुरू की जाने वाली गतिविधियों में फाइल रीटेंशन शेड्यूल के अनुसार पुरानी फाइलों की छटाई कराना, कारिडोर, शौचालयों और कैंटीनों जैसे सांझा स्थलों को स्वच्छ करना तथा कार्यालय फर्नीचर, अलमारियों और टेबलों की छोटी-छोटी मुरम्मत करवाना शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी अपने आसपास सफाई रखेंगे और वह रिकार्ड को उचित ढंग से टैग करके क्रमबद्ध करेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि इस सम्बंध में सभी विशेष सचिवों, वरिष्ठ सचिवों, सचिवों, प्रशासनिक सचिवों, संयुक्त सचिवों, उप-सचिवों, अवर-सचिवों, मंत्रियों के निजी सचिवों और सभी शाखा प्रभारियों, अधीक्षकों और उप-अधीक्षकों को एक लिखित पत्र भेजा गया है।