चंडीगढ़। सेक्टर-37/सी में एक सफाईकर्मी ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी बिट्टू (35) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-37/सी स्थित मकान नंबर 2321 में एक व्यक्ति ने फंदा लगा लिया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे फंदे से उतारकर जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक बिट्टू है और वह सफाईकर्मी का काम करता था। वर्ष 2006 में उसकी पत्नी की किसी कारणवश मौत हो गई थी। इससे वह अक्सर परेशान रहता था। जांच में यह भी सामने आया कि वह नशे का आदी था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया है, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।