प्रसिद्ध पहलवान एवं फिल्म अभिनेता संग्राम सिंह
प्रसिद्ध पहलवान एवं फिल्म अभिनेता संग्राम सिंह ने कहा कि आरक्षण देश के टैलेंट को खत्म कर रहा है। टैलेंटेड लोगों को मौका नहीं मिल रहा है और बिना टैलेंट के लोग आगे बढ़ रहे हैं। इसी का परिणाम है कि आरक्षण के चलते टैलेंटेड लोगों को देश में मौका नहीं मिल रहा और मजबूर होकर वे यूएसए, आस्ट्रेलिया व अन्य देशों में जाकर अपना टैलेंट दिखा रहे हैं, जबकि जिन लोगों में टैलेंट नहीं है वे देश को चला रहे हैं। अगर देश को आगे बढ़ाना है तो आरक्षण को खत्म करके टैलेंट को वरीयता देनी होगी।
अगर देश से आरक्षण को खत्म नहीं किया जाता तो जाटों को भी आरक्षण दे देना चाहिए। शनिवार को संग्राम सिंह गांव निडानी में आयोजित शेर-ए-हरियाणा कबड्डी प्रीमियर लीग के शुभारंभ के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरक्षण सभी को समान देना चाहिए, अगर ऐसा नहीं है तो आरक्षण को खत्म कर देना चाहिए। इस दौरान सिंह ने जाट समुदाय के लोगों से पांच जून से होने वाले आरक्षण आंदोलन में शांति बनाए रखने की अपील की।
आरक्षण कर देगा देश को बर्बाद
संग्राम सिंह ने कहा कि आरक्षण को लेकर गुजरात, राजस्थान, हरियाणा में आंदोलन हो चुका है। अगर ऐसा ही होता रहा तो देश कमजोर हो जाएगा और पाकिस्तान को हमला करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। इसलिए देश को आगे बढ़ाने के लिए तुरंत ही आरक्षण को खत्म कर देना चाहिए और टैलेंट को आगे-आने देना चाहिए।