चंडीगढ़। व्यवसायिक भवनों में बेसमेंट के गलत इस्तेमाल पर एस्टेट आफिस ने शुक्रवार को अभियान चलाया। सेक्टर-22 में एक एससीओ के बेसमेंट में व्यवसायिक गतिविधि चलाने पर सील कर दिया गया। यहां बेसमेंट में केबिन बनाकर मोबाइल, इलेक्ट्रानिक सामान की खरीद-फरोख्त की जा रही थी।
एस्टेट आफिस के अधिकारियों को शिकायत मिल रही थी कि सेक्टर-22 के एक एससीओ के बेसमेंट में व्यवसायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं। एस्टेट आफिस के अधिकारियों ने मौका मुआयना किया तो शिकायत सही पाई गई। अधिकारियों ने एससीओ मालिक को इसे हटाने के निर्देश दिए, लेकिन फिर भी गतिविधि जारी रही। शुक्रवार को एस्टेट आफिस ने अभियान चलाकर बिल्डिंग के बेसमेंट को सील कर दिया।
एस्टेट आफिस के एक अधिकारी ने बताया कि एससीओ 1006-07 की बेसमेंट को सील कर दिया गया है। यहां बेसमेंट में व्यवसायिक गतिविधि चलाई जा रही थी। यह बाजार के लिए खतरा है। बेसमेंट में व्यवसायिक गतिविधियों की इजाजत नहीं है। इसके बावजूद मार्केट में ऐसी गतिविधियां जारी है, जिसके लिए विभाग की ओर से चेकिंग करवाई जा रही है।