शिक्षा विभाग ने शहर के सरकारी स्कूलों में कांट्रैक्ट पर नियुक्त शिक्षकों का वेतन बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं। यूटी प्रशासन ने कई वर्षों से कार्यरत करीब 200 कांट्रैक्ट जेबीटी, टीजीटी और लेक्चरर के वेतन में 2000 से 2400 रुपये प्रति महीने इजाफा किया है।
विभाग ने करीब एक साल से लंबित कांट्रैक्ट शिक्षकों का डीए जारी करने के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार बढ़ा हुआ वेतन जुलाई 2015 से मिलेगा। जनवरी के वेतन में पिछला एरियर भी जारी कर दिया जाएगा।
कांट्रैक्ट शिक्षकों का डीए 107 से बढ़ाकर 119 फीसदी कर दिया गया है। नए आदेशों के बाद जेबीटी का 33,700 से बढ़कर 35700 रुपये, टीजीटी का 38200 से 40400 और लेक्चरर का वेतन 42000 से बढ़कर 44400 रुपये हो जाएगा।
प्रमुख स्कूल में अस्थायी प्रिंसिपल
शहर के प्रमुख सरकारी स्कूलों में सेक्टर-35 गवर्नमेंट मॉडल शामिल है। लेकिन डेढ़ साल से यहां पर स्थायी प्रिंसिपल की नियुक्ति नहीं हुई है। डिप्टी डायरेक्टर वोकेशनल सुमन शर्मा को स्कूल प्रिंसिपल का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा हुआ है। सोमवार को शहर के छह सरकारी स्कूलों में स्थायी प्रिंसिपल की नियुक्ति के आदेश दिए गए, लेकिन 35 मॉडल में अभी स्थायी प्रिंसिपल को लेकर विभाग फैसला नहीं ले पाया है।
विरोध के बाद छह स्कूलों में प्रिंसिपल की हुई नियुक्ति
शहर के 14 सरकारी स्कूलों में कई महीनों से प्रिंसिपल और हेड के पद खाली हैं। सेक्टर-38 गवर्नमेंट स्कूल में अभिभावकों के कड़े विरोध के बाद शिक्षा विभाग की नींद खुली, लेकिन अब भी कई स्कूलों में हेड की नियुक्ति नहीं की गई है। सोमवार को रजिस्ट्रार एजुकेशन (स्कूल) ने छह सरकारी स्कूलों में प्रिंसिपल की नियुक्ति के आदेश जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को जारी कर दिए हैं।
इन स्कूलों में प्रिंसिपल की नियुक्ति
1. जीएमएसएसएस मनीमाजरा (एमएचसी)-वीना कपूर
2.जीएमएसएसएस-15-दर्शना कुमारी
3. जीएमएसएसएस-19-नीना शर्मा
4. जीएमएसएसएस-38(वेस्ट)-चितरंजन सिंह
5. जीएमएसएसएस-44-मीना
6.जीएमएसएसएस सांरगपुर- इंद्रमोहन कौर