चंडीगढ़। नववर्ष पर साई मंदिर में भव्य आयोजन हुआ। बाबा के मंदिर को फूलों और जगमग रोशनी से सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे। दिल्ली से आए पंकज राज ने एक से बढ़कर एक भजनों की अमृतवर्षा की।
पंकज राज ने तू मेरे रूबरू है साई, तूने दीवाना बनाया, साई मुझे इतना सताया न करो सहित कई भजन पेश किए। इस दौरान श्रद्धालु उनके भजन पर झूमते रहे। रात के 12 बजते ही मंदिर कमेटी की ओर से फ्रूट केक काटा गया। इस मौके पर सभी आए भक्तों को नव वर्ष के कलेंडर के साथ साथ देशी घी में तैयार पंजीरी प्रसाद दिया गया।
मंदिर कमेटी की ओर से विशाल भंडारा का आयोजन हुआ। श्रद्दालुओं ने पालक कोन, मलाई कोफ्ता, दाल मखनी, रुमाली रोटी, चावल और गजरैला का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर कमेटी की ओर से 25 क्विंटल गजरैला तैयार किया।
इस मौके पर मंदिर कमेटी के प्रधान रमेश कालिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज गोयल, महासचिव मुनीष गुप्ता, सचिव असीत मनचंदा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।