केन्द्रीय खाद्य एवं प्रसंस्करण राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि 60 साल तक देश में राज करने के बाद भी कांग्रेस सत्ता की भूखी हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री मंगलवार रात को नारनौल के जोरासी बांध के सरकंडा पर स्थित जीण माता मंदिर में मत्था टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस गुजरात का चुनाव जीतने के लिए इतनी बेकरार हो रही है कि यदि उन्हें वहां आतंकी व नक्सलियों से भी हाथ मिलना पड़े तो नहीं चूकेगी।
साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि कांग्रेस गुजरात में कल्पेश ठाकोर को अपनी पार्टी में शामिल करने का नाटक कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। जबकि वास्तव में ठाकोर की पृष्ठभूमि पहले ही कांग्रेस विचारधारा की रही है। ठाकोर के पिता कई सालों से कांग्रेस के पदाधिकारी है। केंद्रीय मंत्री ने पाटीदार नेताओं द्वारा भाजपा पर रुपयों का लालच देकर पार्टी में शामिल करने के आरोप को भी कांग्रेस का सुनियोजित प्रोपगंडा बताया।