खन्ना में नेशनल हाईवे पर सिविल अस्पताल के बाहर कुछ लोगों ने ट्रैफिक रोककर धरना लगा दिया। गुरुवार सुबह एक साधु की मौत के बाद यह धरना लगाया गया। मृतक की पहचान साधू रामा गिरि के रूप में हुई है। परिवार ने मामले में खन्ना पुलिस के एएसआई पर गलत बयान दर्ज करने का आरोप लगाया है।
मृतक के परिवार ने बताया कि गुरुवार सुबह साधु संत समाज अपनी गाड़ी से पटियाला से लुधियाना जा रहे थे। जैसे वह खन्ना जीटी रोड पर बने गांव अलौंड के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के दो हिस्से हो गए। गाड़ी में पांच लोग सवार थे। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाकी लोगों को मामूली चोट आई।
उन्हें खन्ना के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। कार चालक मौके से फरार हो गया। इस मामले की जांच कर रहे थानेदार ने गलत बयान दर्ज किया और उन्हें जबरन साइन करने को कहा। परिवार ने कहा कि एएसआई ने कार चालक को बचाने की कोशिश की। इसी आरोप में परिवार ने धरना लगा दिया।
डीएसपी ने दिलाया इंसाफ का भरोसा
धरना खत्म करवाने के लिए डीएसपी (खन्ना) राजेश कुमार मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने मृतक के परिवार वालों से बातचीत की और मामले में दोबारा बयान दर्ज करवाने को कहा। डीएसपी ने परिवार को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद परिवार ने धरना खत्म कर दिया। डीएसपी ने कहा कि आरोपी खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। कार पुलिस ने कब्जे में ले ली है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर दिया है।