पंचकूला और मोहाली में अब रात को 12 बजे के बाद कोई क्लब नहीं खुल रहा है। इन दोनों शहरों में क्लबों को बंद करने का समय निर्धारित कर दिया गया है। लेकिन इन दोनों जगहों में समय निर्धारित करने का सबसे अधिक असर चंडीगढ़ के क्लबों में देखने को मिल रहा है। यहां देर रात नहीं बल्कि तड़के तक क्लब खुल रहे हैं। क्लबों में देर रात तक जाम पर जाम छलकने के कारण मारपीट के मामले भी बढ़ गए है।
बीते एक महीने में ही चंडीगढ़ में मारपीट के तीन मामले सामने आ चुके हैं जिनमें एक डाक्टर को भी पीटने का मामला शामिल है। इसके अलावा क्लबों में चल रहे हुक्का बार में प्रतिबंधित पदार्थों का भी प्रयोग किया जा रहा है।
हाल ही में पंचकूला पुलिस द्वारा सबसे पहले प्रशासन के साथ मिलकर वहां के हुक्का बारों को बंद करवाया गया। इसके बाद वहां जितने भी क्लब है, उन्हें रात में खोलने का समय केवल 12 बजे निर्धारित कर दिया गया है। ऐसे में अगर 12 बजे के बाद अगर कोई भी क्लब खुलता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पंचकूला के बाद मोहाली पुलिस व प्रशासन ने भी इसी कड़ी में वहां के क्लबों को खोले रखने का समय 12 बजे तक निर्धारित कर दिया है।
दोनों मुख्य शहरों में रात को 12 बजे के बाद क्लब बंद होते ही युवक-युवतियां चंडीगढ़ के क्लबों की ओर दौड़ रहे हैं। वहीं चंडीगढ़ की एक्साइज विभाग की पॉलिसी पर ही नजर डालें तो यहां रात में केवल 3 बजे तक ही क्लब खोलने का समय निर्धारित है। इसके साथ ही 3 बजे तक ही इन क्लबों में शराब पिलाई जा सकती है। लेकिन चंडीगढ़ में क्लब देर रात तक नहीं बल्कि तड़के तक खुल रहे हैं। तड़के तक खुल रहे क्लबों में खुले रहने तक शराब भी पिलाई जा रही है।
मध्यमार्ग पर सबसे अधिक क्लब और डिस्कोथैक
चंडीगढ़ में मध्यमार्ग नाइट लाइफ की जान मानी जाती है क्योंकि यहीं पर अधिकतर नाइट क्लब, डिस्कोथेक और बीयर बार हैं। मध्य मार्ग पर मौजूद सेक्टर-26, 7, 8 और 9 सेक्टर में करीब 60 से अधिक क्लब, बार और डिस्कोथेक हैं। इनमें कुछ क्लब तो रात को 3 बजते ही बंद हो जाते है लेकिन कुछ क्लब निर्धारित समय को लांघते हुए तड़के तक खुल रहे है। हालांकि वर्ष 2022 से पहले चंडीगढ़ में भी रात को केवल 12 बजे तक ही क्लब खोलने का समय निर्धारित था।
मारपीट के तीन मामले आए सामने
वहीं चंडीगढ़ में तड़के तक खुल रहे क्लबों में मारपीट के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है। बीते एक महीने में ही अभी तक मारपीट के तीन मामले सामने आ चुके हैं। इनमें दो मामले तो केवल सेक्टर-26 में जबकि एक मामला सेक्टर-8 के क्लब में सामने आया है। पहले मामले में मोहाली निवासी डा. अमन चौहान बीती 12 जून की रात को सेक्टर-26 स्थित प्लेग्राउंड क्लब में गया था जहां उसने डीजे पर एक गाना लगाने के लिए फरमाइश की थी।
लेकिन इसी बात को लेकर वहां मौजूद बाउंसरों ने उसके साथ कहासुनी के साथ ही धक्का-मुक्की करते हुए उसकी धुनाई कर दी थी। इस मामले में डाक्टर की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर-26 थाने में डिंपल और यश हंस सहित बाउंसरों व अन्य सदस्यों के खिलाफ आईपीसी 323, 341, 506, 34 के तहत केस दर्ज किया था। जबकि एक मामला करीब 15 दिन पहले सेक्टर-26 के ही क्लब में आया था जिसमें पिंजौर निवासी दो युवकों के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में बाकायदा कार्रवाई नहीं करने वाले दो पुलिस जवानों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइनहाजिर किया गया था। इसके अलावा एक अन्य मामला सेक्टर-8 के क्लब में भी सामने आया था। हालांकि इस मामले में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया था जिसके चलते पुलिस कार्रवाई नहीं हुई थी।
एक्साइज पॉलिसी के तहत क्ल्बों को खोलने की परमिशन है। जो भी क्लब तय समय से अधिक खुल रहे है, उन पर विभाग नजर रखे हुए है। आने वाले दिनों में औचक निरीक्षण किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- रुपेश कुमार, आयुक्त, आबकारी एवं कराधान, चंडीगढ़।