किसी ने खबर दी कि सुखना चो में एक शव दबा हुआ है। पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। खुदाई करवाई तो कुत्ता निकला। मामला चंडीगढ़ का है।
सेक्टर-26 बापूधाम कालोनी के पीछे शास्त्री नगर के साथ लगते सुखना चो में हत्या कर शव दफनाए जाने की अफवाह फैली। पुलिस के पास फोन आया तो बापूधाम चौकी इंचार्ज एसआई मलूक सिंह, थाना-26 आईटी पार्क के एसएचओ सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बुलाई फोरेंसिक टीम
मौके पर पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुला लिया गया। फोरेंसिक टीम ने मिट्टी के ऊपरी सतह पर दिखाई दे रहे बालों की जांच की। शक गहराने पर पुलिस ने एसडीएम ईस्ट को मौके पर बुलाया।
उन्होंने मौके पर पुलिस से पूछताछ कर उस जगह की खुदाई करने का आदेश दिया। खुदाई करने पर कपड़े में लिपटा कुत्ते का शव मिला।
हालांकि करीब दो घंटे तक राहगीर और बापूधाम कालोनी के लोग वहां डटे रहे जिसके कारण बापूधाम से मनीमाजरा व आईटी पार्क को जाने वाले सड़क पर लंबा जाम लग गया।