पठानकोट आतंकी हमले के बीच चंडीगढ़ में लखनऊ शताब्दी में बम होने की खबर पर रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
इसके तुरंत बाद ट्रेन को गाजियाबाद में रोक लिया गया और करीब एक घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया। इसके बाद अंबाला डिवीजन के सभी स्टेशनों पर आने व जाने वाली ट्रेनों में जांच शुरू कर दी गई।
इसके तहत चंडीगढ़ स्टेशन पर भी रविवार को आरपीएफ और जीआरपी पुलिस कर्मियों ने जांच की। वहीं स्टेशन के बाहर पुलिस बीट बॉक्स पर कमांडो को तैनात कर दिया गया है।
यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी दिल्ली से कानपुर जाने वाली एक ट्रेन में धमाके करने की धमकी दी गई थी। यह जानकारी मुंबई एटीएस के जरिए दी गई थी।
यात्रियों के सामानों की जांच नहीं
रेल यात्रियों के सामानों की जांच के लिए स्टेशन पर स्कैनर मशीनें नहीं लगी हैं। इस कारण सामानों की जांच नहीं की जाती है। वहीं शहर और पंचकूला की ओर लगा मेटल डिटेक्टर भी खराब पड़े हैं।