आरटीए अधिकारियों ने सोमवार रात को गश्त के दौरान यूपी नंबर की एक बस जो पंजाब से वाया दिल्ली होते हुए उत्तर प्रदेश जा रही थी उसको पकड़ लिया। बस का ओवरलोडिंग और रोड टैक्स जमा न करने पर बस इंपाउंड कर दिया। बस को उसमें सवार 50 सवारियों समेत पानीपत डिपो के वर्कशॉप में खड़ा कर दिया गया।
यात्रियों ने अधिकारियों से कई बार मिन्नत करी। उनका कहना था कि इतनी रात को वो कहां जाएंगे, क्योंकि उन्हें कोई साधन नहीं नहीं मिलेगा। ऐसे में आरटीए अधिकारी सवारियों के लिए दूसरी बस उपलब्ध करा सकते थे, जो उपलब्ध नहीं कराई गई। वहीं, इस बारे में आरटीए सचिव एवं एडीसी प्रीति से फोन कर संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
यह बोले अधिकारी
बस के कागजात अधूरे होने पर उसे बंद किया गया था। प्राइवेट बस चालक को ही चालान भरने या सवारियों के लिए दूसरी बस का इंतजाम करने के लिए कहा गया था। -शम्मी शर्मा, आरटीए सह सचिव
रात को ठंड में बस में बैठी सवारियां कानून के लिए कोई मायने नहीं रखती। इस बारे में ट्रांसपोर्ट कमिश्नर से बात करिए। -एसएन रॉय, एसीएच परिवहन विभाग
अगर बस का चालन करना था तो दूसरी बस का इंतजाम भी करना था: परिवहन मंत्री
जिन अधिकारियों ने बस में सवार सवारियों के साथ ऐसा किया है, उन्हें खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। अगर अधिकारियों को बस का चालान करना ही था तो सवारियों के लिए दूसरी बस का इंतजाम भी करना बनता है। अन्यथा बस के कागजात अपने पास रखवाकर चालान कर, सवारियों को उनके गंतव्य तक छोड़ना उनका फर्ज था। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - मूलचंद शर्मा, परिवहन मंत्री, हरियाणा सरकार।
पहले भी आरटीए कर चुका है यह कारनामा
इससे पहले 13 जनवरी को आरटीए ने उत्तर प्रदेश नंबर की एक सवारियों से भरी बस को पकड़ा था। जिसे दोपहर पकड़ने के बाद रात आठ बजे छोड़ा था। इस बस के मालिक पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया। ड्राइवर और कंडक्टर पर बगैर वर्दी होने पर 100-100 रुपये का जुर्माना लगाया गया। हालांकि दिन का वक्त होने की वजह से सवारियों को दूसरी बस मिल गई थी। सोमवार की रात भी एक बस को शाम साढ़े चार बजे पकड़कर रात साढ़े 10 बजे छोड़ा गया, इस बस पर भी पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया। हालांकि इस बस में सवारियों नहीं थीं।