पांच क्लाइंट्स की पीपीआर भेजकर मांगी रकम, एंबेसी ने रिकॉर्ड होने से किया इनकार इमिग्रेशन कारोबारी की शिकायत पर केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। कनाडा का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर पांच क्लाइंट्स की फाइलें लगवाने का भरोसा देकर इमिग्रेशन कारोबारी से 76 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। खरड़ निवासी अमनदीप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने ड्रीम मैकर इमिग्रेशन के संचालक बताए जा रहे आयुष शाह और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, सितंबर 2025 में आयुष ने ईमेल से संपर्क कर वीजा दिलाने का भरोसा दिया था। 10 जनवरी 2026 को एमओयू के बाद अमनदीप ने पांच क्लाइंट्स की फाइलें भेजीं। आरोप है कि पीपीआर (पासपोर्ट रिक्वेस्ट) आने के बाद भुगतान तय हुआ था। आयुष ने पीपीआर भेजकर नकद भुगतान मांगा। अमनदीप ने 5 जनवरी से 20 अप्रैल 2026 के बीच छह किस्तों में होटल ताज, सेक्टर-17 के सामने बताए गए व्यक्तियों को 76 लाख रुपये दिए। बाद में एंबेसी ने संबंधित पीपीआर का सक्रिय रिकॉर्ड होने से इनकार कर दिया। इसके बाद आयुष ने फोन बंद कर लिया।