एसजीपीसी द्वारा संचालित गुरुद्वारों के लिए जनरेटर सेट खरीदने के लिए 29 करोड़ 89 लाख की राशि का प्रावधान है। श्री हरमंदिर साहिब के लिए 280 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। जनरल फंड के लिए 72 करोड़ 50 लाख, आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों की मदद के लिए 95 लाख, कुदरती आपदा भूकंप और सुनामी से निपटने के लिए 70 लाख की राशि खर्च की जाएगी। एसजीपीसी द्वारा संचालित मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज और श्री गुरु राम दास जी मेडिकल रिसर्च यूनिवर्सिटी के लिए 50 करोड़ 60 लाख की राशि खर्च की जाएगी।
एसजीपीसी आगामी वित्त वर्ष में धर्मी फौजियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए दो करोड़ की राशि खर्च करेगी। सिख इतिहास की खोज व अन्य प्राचीन ग्रंथों के प्रकाशन में 70 लाख, विदेशों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छपाई गुरु मर्यादा के अनुसार करने के लिए 2 करोड़ 50 लाख की राशि खर्च होगी। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हाजिरी में शुरू हुई बजट बैठक में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह और श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई जगतार सिंह भी मौजूद थे।
550वें प्रकाश पर्व को समर्पित है बजट : भाई लौंगोवाल
बजट बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में भाई लौंगोवाल ने कहा कि यह बजट श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित है। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर धर्म प्रचार की राशि खर्च की जाएगी। इस वर्ष सिख इतिहास के संदर्भ में कई कार्यक्रम के साथ-साथ पत्र विहार कोर्स के लिए 19 करोड़ 30 लाख की राशि खर्च की जाएगी।
इस बजट में सिकलीगर सिखों और वंजारों के साथ पंजाब के बाहर के गुरुद्वारों के लिए 14 करोड़ 50 लाख की राशि खर्च की जाएगी। खेल प्रतियोगिता के लिए 60 लाख की राशि खर्च की जाएगी। प्रकाश पर्व से पहले सुल्तानपुर लोधी और अन्य शहरों में यादगारी गेट का निर्माण किया जाएगा। सुल्तानपुर लोधी स्थित गुरुद्वारा संत घाट के नजदीक मूल मंत्र अस्थान का निर्माण कार्य जारी है।