मुल्लांपुर स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज मैच को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। मुल्लांपुर स्थित पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) स्टेडियम में होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के वनडे मैच को लेकर मोहाली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। मैच के दौरान शहर और स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने रूट प्लान तैयार किया है। पुलिस ने मैच देखने आने वाले दर्शकों और आम लोगों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक रूट प्लान के अनुसार स्टेडियम के आसपास अलग-अलग श्रेणियों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पी-1 और पी-2 पर वीवीआईपी पार्किंग, जबकि पी-3 में मीडिया, ब्रॉडकास्टिंग, कॉरपोरेट बॉक्स और दिव्यांग लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पी-4, पी-5, पी-6 और पी-7 में पेड पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। एडवाइजरी के मुताबिक पी-1, पी-2 और पी-3 पार्किंग के लिए केवल स्टिकर वाले वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं पी-4, पी-5, पी-6 और पी-7 पेड पार्किंग और टैक्सी के लिए निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे अपने वाहन सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। ट्रैफिक प्लान में मुल्लांपुर बैरियर, पीसीएल चौक, मार्बल मार्केट लाइट और ओमैक्स राउंड अबाउट समेत प्रमुख स्थानों को भी दर्शाया गया है। मैच के दौरान इन मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से रूट प्लान के अनुसार आवाजाही करने को कहा है। मोहाली पुलिस ने आम जनता और मैच देखने आने वाले दर्शकों से पुलिस कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।