चंडीगढ़। यूटी पुलिस में नए डीजीपी की नियुक्ति से पहले, पुलिस प्रशासन में इन दिनों व्यापक स्तर पर तबादलों का दौर चल रहा है। अधिकारियों की ओर से अपने पसंदीदा इंस्पेक्टरों से लेकर कांस्टेबल स्तर के कर्मियों तक को उनकी इच्छानुसार स्थानों पर पोस्टिंग दी जा रही है। इन तबादलों से जहां कुछ चहेते खुश हैं, वहीं कुछ पुराने कर्मियों को दरकिनार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पूर्व डीजीपी की ओर से तैनात किए गए कुछ कर्मियों के साथ सौतेले जैसा व्यवहार किया जा रहा है। शुक्रवार देर शाम पुलिस मुख्यालय ने कई इंस्पेक्टरों सहित अन्य जवानों के तबादले के आदेश जारी किए। इन आदेशों के तहत कुछ चहेते अधिकारियों को पुराने कर्मियों को हटाकर महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्त किया गया है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कुछ दिन पहले एक एसआई को थाना प्रभारी नियुक्त किया गया था, लेकिन अब उसे वहां से हटाकर साइबर क्राइम थाने में भेज दिया गया है। एसएचओ बनने से पहले वह एसआई चौकी इंचार्ज था और अब उसके पास कोई प्रभार नहीं रह गया है। उसकी जगह एक सिफारिशी और चहेते इंस्पेक्टर को उस थाने का प्रभारी बनाया गया है।
इन्हें यहां भेजा गया
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेशानुसार, इंस्पेक्टर संजीव कुमार को पुलिस लाइन से सिक्योरिटी एंड ट्रैफिक, इंस्पेक्टर उषा रानी को सेक्टर-19 से एसएचओ आईटी पार्क, इंस्पेक्टर ईरम रिजवी को ट्रैफिक से एसएचओ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, इंस्पेक्टर रोहताश यादव को एसएचओ साइबर सेल से ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी विंग, इंस्पेक्टर सतनाम सिंह को ट्रैफिक से एसएचओ इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन, इंस्पेक्टर सरिता राय को कंप्यूटर सेक्शन से एसएचओ सेक्टर-19 पुलिस स्टेशन, इंस्पेक्टर जुलदान सिंह को एसएचओ आईटी पार्क से सीआरयू ब्रांच इंचार्ज, सब-इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह को एसएचओ इंडस्ट्रियल एरिया से साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन और लोकल रैंक इंस्पेक्टर बलबीर को मनीमाजरा से ट्रैफिक में स्थानांतरित किया गया है। इनके अलावा भी कई अन्य जवानों के तबादले किए गए हैं।