चंडीगढ़। उपराष्ट्रपति सचिवालय से नोटिस मिलने के बाद अब पीयू उसका जवाब बनाने में जुट गई है। माना जा रहा है कि नए साल के प्रारंभिक महीनों में पीयू में रोस्टर लागू होगा। हजारों लोगों को यह लाभ मिलेगा। हालांकि वीसी पहले ही इस रोस्टर को लागू करने की तैयारी में थे, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।
आजादी के बाद से तय होना था कि पीयू में कौनसा पद किस वर्ग के लिए होगा। कर्मचारियों को उम्मीद थी कि इसको लेकर पीयू जल्द निर्णय लेगी, लेकिन इस प्रकरण को सिंडिकेट व सीनेट में ले जाकर बार-बार बाधित किया गया। दो बार रोस्टर बना और उसे लागू करने की तैयारी की गई, लेकिन कमियों पर कमियां निकाली गईं। अब मामला ऊपर तक पहुंचा तो पीयू के अधिकारी परेशान हैं। वह चाहते हैं कि अब रोस्टर लागू हो जाए। वर्तमान में सीनेट है नहीं और सिंडिकेट का कार्यकाल भी इस माह में पूरा हो जाएगा। ऐसे में जनवरी या फरवरी में बनाए गए रोस्टर को लागू किया जा सकता है। एससी, एसटी व बीसी एसोसिएशन ने पीयू प्रशासन को चेतावनी दी है कि अब वह रोस्टर चाहते हैं। ऐसा नहीं हुआ तो फिर आरपार की लड़ाई होगी। धरना-प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक चलेगा और भूख हड़ताल से लेकर कई चरणों में प्रदर्शन होगा। हालांकि पीयू ने आश्वासन दिया है कि वह इस पर काम कर रही है।