सोनीपत जा रही रोडवेज बस में कथित मारपीट व छेड़छाड़ मामले में दोनों बहनों पूजा व आरती ने दिल्ली पहुंचकर सीएम मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की।
उन्होंने सीएम से मुलाकात करते हुए छेड़छाड़ मामले में कार्रवाई और व्हाट्स एप्प पर अश्लील फोटो पर कमेंट पोस्ट करने के मामले में क्राइम ब्रांच से जांच की मांग की। इसके बाद रोहतक पहुंचने पर दोनों बहनों ने विधायक मनीष ग्रोवर से मुलाकात की। मनीष ग्रोवर ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराई जाएगी।
बृहस्पतिवार सुबह पूजा व आरती अपने पिता व कुछ अन्य लोगों के साथ सीएम से मिलने पहुंची। उन्होंने सीएम को सौंपे शिकायत पत्र में छेड़छाड़ व मारपीट करने के कथित तीनों आरोपियों कुलदीप, मोहित व दीपक निवासी आसन और अन्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
इसके अलावा 15 मई को अश्लील फोटो अपलोड़ करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी तब हुई जब उन्होंने एसपी कार्यालय पर धरना दिया।
उन्होंने कहा कि इस मामले में आईजी से भी मुलाकात की गई तो उन्होंने साइबर सेल से इन अश्लील फोटो को ब्लॉक करने की बात कही। लेकिन, अभी भी ये आगे पोस्ट की जा रही हैं।