-कोटकपूरा पुलिस की अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई, हथियार बरामद
-
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। जिला पुलिस ने लूटपाट की योजना बना रहे दो अलग-अलग गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सिटी कोटकपूरा और थाना सदर कोटकपूरा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर की। आरोपियों के कब्जे से तेजधार हथियार भी बरामद किए गए हैं।
एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन और डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई के तहत पहले मामले में थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने छह आरोपियों को काबू किया। एसएचओ इंस्पेक्टर चमकौर सिंह की निगरानी में एएसआई भूपिंदरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नई दाना मंडी, कोटकपूरा के पास एक सुनसान स्थान पर छापा मारकर लूट की साजिश रच रहे आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवन नगर निगम कोटकपूरा निवासी आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश, मिंटू सिंह, सुखविंदर सिंह, सुखबीर सिंह, फिरोजपुर जिले के गांव लुहाम निवासी गुरजीत सिंह और देवीवाला रोड कोटकपूरा निवासी लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा के रूप में हुई है। दूसरे मामले में थाना सदर कोटकपूरा पुलिस ने गांव देवीवाला के पास कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसएचओ इंस्पेक्टर गुरांदित्ता सिंह की निगरानी में एएसआई सुरिंदरजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने लूट की योजना बना रहे गिरोह को दबोचा। इनमें गांव मढाक निवासी निक्का और बूटा सिंह, गांव जीवनवाला निवासी दीपू और प्रीतपाल सिंह तथा गांव पंजगराईं कलां निवासी बहादुर सिंह शामिल हैं। डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।