अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने सोमवार को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से मुलाकात की और पंजाब भर में चल रहे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। चेयरमैन संतोष कुमार ने आदमपुर हवाई अड्डे के लिए बेहतर सड़क कनेक्टिविटी का भरोसा दिया है।
कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने बताया कि आदमपुर हवाई अड्डे के पास लगभग तीन किलोमीटर के हिस्से को विकसित करने की आवश्यकता है। यह हिस्सा सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आता है जिसे एनएचएआई की ओर से तुरंत विचार किया जाना चाहिए। इस पर एनएचएआई ने काम शुरू करने पर सहमति जताई है। इस दौरान लुधियाना-रूपनगर हाईवे प्रोजेक्ट पर भी विशेष चर्चा हुई, जिसके दोबारा टेंडर जारी करने और इसे तेजी से पूरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। अरोड़ा ने पंजाब सरकार की माइनिंग नीति के अनुसार परियोजनाओं के लिए मिट्टी भराई के कार्य में सहायता का भरोसा दिया है।