चंडीगढ़ के सेक्टर-49 में रेयान इंटरनेशनल स्कूल के पास रविवार सुबह सड़क धंसने से गहरा गड्ढा हो गया। मौके पर पहुंचकर निगम के अधिकारियों ने देखा कि केबल तार डालते समय स्टॉर्म वाटर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं वाहनों के दबाव से स्टॉर्म वाटर लाइन टूट गई। इससे सड़क में गड्ढा बनने के साथ दोनों ओर से खोखली हो गई।
पुलिस और निगम की टीम ने तत्काल सड़क पर बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कराया और वाहन चालकों को दूसरी तरफ से जाने के लिए कहा। थोड़ी देर बाद लोग बैरिकेडिंग हटाकर वहां से निकलते दिखे। इस दौरान निगम का एक वाटर टैंकर भी गड्ढे में फंस गया। सेक्टर-49 में केबल तार डाले गए थे। तारों को डालने के बाद उसके ऊपर सड़क बना दी गई। उस समय स्टॉर्म वाटर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
शनिवार को बारिश के बाद पानी का बहाव ज्यादा था तो पाइप लाइन के अंदर दबाव बना, वहीं सड़क गीली होने से ऊपर से भी दबाव पड़ा, जिससे पाइप लाइन टूट गई। सुबह 6 बजे सैर करने निकले लोगों ने इसकी सूचना 112 नंबर पर दी। इसके बाद पुलिस और निगम को जानकारी दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल बैरिकेडिंग की। उसके बाद काम भी शुरू कर दिया।
15 दिनों तक बंद रहेगा मार्ग, बारिश हुई तो लग सकता है समय
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि 4 से 5 दिन में पाइप लाइन की मरम्मत करा दी जाएगी। उसके बाद सड़क को लगभग 10 दिनों तक पूरी तरह से बंद रखना होगा। इस बीच बारिश हुई तो ज्यादा समय भी लग सकता है।
बगल से था साइकिल ट्रैक, हो सकता था हादसा
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कई बार यहां लाइट भी नहीं जलती है। सड़क के साथ साइकिल ट्रैक है। अंधेरे में कोई साइकिल वाला आता तो बड़ा हादसा हो सकता है। समय रहते गड्ढे के बारे में विभाग को जानकारी दे दी गई, इससे हादसा टल गया।
सेक्टर-49 में स्टॉर्म वाटर लाइन टूट गई है। कर्मचारी तत्काल जोड़ रहे हैं। यहां पर केबल डालने के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। वाहनों का दबाव पड़ने के बाद पाइप टूट गई है। जल्द इसकी मरम्मत करवाई जा रही है। - आनिंदिता मित्रा, आयुक्त, नगर निगम।