श्रीनगर बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री रवाना करने के लिए मलोया पहुंचीं आप नेता गुल पनाग के खिलाफ सोमवार सुबह पार्टी के एक वालंटियर जयदीप मल्होत्रा ने नारेबाजी कर दी।
उसका आरोप है कि गुल पार्टी विरोधी नीतियां बना रही हैं। वे जल्द ही किसी पार्टी में शामिल होने वाली हैं। वे किसी भी कार्यकर्ता का फोन नहीं उठातीं।
इससे कार्यकर्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा वे शहर में भी बहुत कम रहती हैं। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उसे शांत कराने की कोशिश की। लोकसभा चुनाव के दौरान जयदीप को गुल के साथ काफी बार देखा गया था।
गुल ने साजिश करार दिया
इस हंगामे पर पार्टी का कहना है कि जयदीप की शुरू से ही भूमिका संदिग्ध रही है। जब सविता भट्टी को आप से टिकट मिला था, उस दौरान भी जयदीप ने काले झंडे दिखाए थे। पार्टी की ओर से जयदीप के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
गुल पनाग का कहना है कि यह विरोधियों की साजिश है। सीआईडी और आईबी की टीम पहले से ही मौजूद थी। यह पार्टी का एक सामाजिक कार्यक्रम था। इसमें जांच एजेंसियों का क्या काम था। इससे पता चलता है कि विरोधी भी इसमें शामिल हैं।
चुनाव के बाद कई बार मैं पार्टी के कार्यक्रम में शामिल हुई हूं। पार्टी जो भी मुझे आदेश देती है, मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभाती हूं। पार्टी को बदनाम करने के लिए ऐसे कदम उठाए जाते हैं।
नेता और कार्यकर्ताओं में आरोप-प्रत्यारोप
मलोया में पार्टी के वार्ड प्रभारी राजकुमार धीमान ने बताया कि जयदीप कई दिनों से विरोधी पार्टी के संपर्क में है। वह उनकी दो से तीन मीटिंग में शामिल भी हो चुका है। यदि जयदीप को कोई बात करनी थी तो वह पार्टी के सामने अपनी बात रखते।
सार्वजनिक तौर पर उन्हें इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए था। इससे पार्टी की छवि धूमिल होती है। उन्होंने अनुशासनहीनता की है। पार्टी जल्द ही उन पर कार्रवाई करेगा।
नारेबाजी करने वाले वालंटियर जयदीप का कहना है कि गुल पनाग पार्टी को खोखला कर रही हैं। पांच महीने में वे चार बार शहर में आई हैं। वे एक बड़ी पार्टी के संपर्क में है।
मौका मिलते ही वे उस पार्टी को ज्वाइन कर लेंगी। पार्टी के कई कार्यकर्ता घुट-घुटकर जी रहे हैं, लेकिन आवाज कोई नहीं उठाता। पांच महीने में पार्टी का इंफ्रास्ट्रक्चर तक खड़ा नहीं हो पाया।