एक निजी अस्पताल की दूसरी मंजिल स्थित आईसीयू में भर्ती रिटायर्ड फौजी ने अज्ञात कारणों के चलते खिड़की से कूदकर जान दे दी। सूचना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार गांव जैतपुर निवासी पूर्व सैनिक 67 वर्षीय डालचंद को 2 मार्च को अस्पताल में दमा की बीमारी के चलते भर्ती कराया गया था। उसे अस्पताल की दूसरी मंजिल पर स्थित आईसीयू में रखा गया था।
मंगलवार की रात करीब 9 बजे डालचंद बाथरूम में गया तथा खिड़की खोल कर पार्किंग वाली साइड में नीचे कूद गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डालचंद के छलांग लगाने के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने बुधवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया तथा शव परिजनों को सौंप दिया। मॉडल टाउन थाना पुलिस मामले में जांच कर रही है।