तस्करी में नाम आने पर पंजाब के दो भाजपा नेताओं से इस्तीफा ले लिया गया है। भाजपा के प्रदेश प्रधान कमल शर्मा ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में कोई बाधा ना आए इसीलिए भाजपा जिला प्रधान व मार्केट कमेटी के चेयरमैन जोगराज सिंह कटोरा और जिला युवा मोर्चा के प्रधान जसपाल संधू उर्फ जिम्मील से इस्तीफा लिया गया है।
एसएसपी हरदयाल सिंह मान का कहना है कि मामले की तहकीकात चल रही है। तहकीकात के बाद ही सारी स्थिति साफ होगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना सदर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 20 जून को तस्कर अमृतपाल सिंह उर्फ अंबा के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि अमृतपाल के पाकिस्तानी तस्करों के साथ संबंध हैं और वह अपने साथियों के साथ मिलकर जाली करेंसी, हेरोइन व असलहा की तस्करी करता है।
पुलिस ने एक जुलाई को अमृतपाल की गिरफ्तारी दिखाकर सौ ग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल और 44 कारतूसों की बरामदगी दिखाई। वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि अमृतपाल से बीस करोड़ की हेरोइन मिली थी और साथ में जसबीर सिंह पुत्र चन्नन सिंह, अमृतपाल सिंह उर्फ अंबा, गुरविंदर सिंह पुत्र जसबीर सिंह व जगदीप कौर पत्नी अमृतपाल सिंह वासी गांव चीमा, जिला तरनतारन (मौजूदा पता गुरु नगरी फिरोजपुर शहर) भी थी। इसके बाद पुलिस ने जो प्रेस नोट जारी किया था, उनमें उक्त लोगों के नाम नहीं थे।
आरोप है कि जिला भाजपा प्रधान जोगराज सिंह कटोरा और जिला युवा मोर्चा का प्रधान जिम्मी संधू ने मोटी रकम लेकर बाकी लोगों को मामले से निकलवाने का वादा किया था और निकलवा भी दिया। यही नहीं एक पुलिस अधिकारी को भी मोटी रकम दी गई। इस मामले की भनक जब एसएसपी मान को लगी तो उन्होंने तहकीकात शुरू कराई।
तहकीकात में पता चला कि आरोपियों से बीस करोड़ रुपये की हेरोइन भी पकड़ी गई थी, जिसका जिक्र नहीं किया गया। जब मामला सामने आयो तो भाजपा प्रदेश प्रधान कमल शर्मा ने जोगराज सिंह और जिम्मी संधू से इस्तीफा लिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि एक पुलिस अधिकारी की पावर भी एसएसपी ने छीन ली है। अधिकारी पर आरोप है कि मामले में कथित तौर पर पैसे लेकर आरोपियों की मदद की है।