इंडियन ऑयल कंपनी (आईओसी) और अदानी गैस के संयुक्त प्रोजेक्ट पीएनजी गैस पाइप लाइन का चंडीगढ़ और मोहाली में तो लगभग 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है, लेकिन अभी ट्राइसिटी के लोगों को कनेक्शन के लिए कम से कम 3 माह इंतजार करना होगा। दरअसल राजपुरा से आ रही लाइन को डालने में इसलिए दिक्कत आ रही है क्योंकि दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर काम चल रहा है। वहीं कंपनी ने जीरकपुर में भी लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है।
प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव शर्मा के अनुसार शहरी क्षेत्र में काफी हद तक काम पूरा हो चुका है, दिक्कत दिल्ली-अमृतसर हाईवे निर्माण के कारण हो रही है। करीब 10 किलोमीटर के एरिया में हाईवे पर काम रुका हुआ है। कहीं परमिशन की वजह से तो कहीं टोल ब्रिज कहां बनेगा, यह कन्फर्म नहीं हो पा रहा। वहीं एक-दो जगह हाईवे के लिए जमीन के अधिग्रहण में आ रही परेशानी के कारण भी इन क्षेत्रों में पाइप लाइन बिछानी शुरू नहीं हो पा रही है।
इसके अलावा बनूड़ में जमीन से अतिक्रमण हटाया जाना है, इसलिए अभी वहां काम शुरू नहीं हो पाया है। प्रोजेक्ट मैनेजर के अनुसार हाइवे निर्माण कार्य चलने और केंद्रीय हाइवे प्रशासन से अनुमति मिलने में देरी के कारण पाइप लाइन बिछाने में थोड़ी देरी हो रही है। अनुमति मिलते और जमीनी संबंधी दिक्कतों के देर होते ही काम तेजी से शुरू कर दिया जाएगा।