चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 के रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल 9वें दिन मंगलवार को भी जारी रही। सीनियर और जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर अस्पताल के गेट नंबर 4 के बाहर तंबू लगाकर ठंड की परवाह किए बिना हड़ताल कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अब 16 दिसंबर को ही तय होगा कि हड़ताल जारी रहेगी या समाप्त होगी। वहीं, नीट काउंसलिंग में विलंब को लेकर चल रही हड़ताल से सबसे ज्यादा परेशानी ओपीडी के मरीजों को हो रही है। इमरजेंसी में मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। रेजिडेंट डॉक्टरों ने इमरजेंसी सेवा प्रभावित किए बिना हड़ताल जारी रखी है।
वहीं, अस्पताल प्रशासन का ओपीडी के मरीजों को ऑनलाइन परामर्श देने का दावा ध्वस्त नजर आ रहा है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि ऑनलाइन और टेली मेडिसिन के नाम पर मरीजों को धोखा दिया जा रहा है। सीनियर डॉक्टर मरीज नहीं देख रहे। अप्वाइंटमेंट के बावजूद ओपीडी में जाने पर डॉक्टर नहीं मिल रहे। हड़ताल की आड़ में ओपीडी से सभी कार्य बहिष्कार पर हैं, जबकि अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर गर्ग का कहना है कि प्री-अप्वाइंटमेंट और टेली मेडिसिन के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा मरीजों को परामर्श दिया जा रहा है।