गोमूत्र तो रामबाण है, क्योंकि यह गाय के शरीर के सकारात्मक अंशों से बनता है, लेकिन गोमांस में कोई भी औषधीय गुण नहीं है। हरियाणा की लाला लाजपत राय यूनिविर्सटी ऑफ वेटरिनरी एंड एनिमल साइंसेज हिसार ने अपने शोध में गोमांस में कोई औषधीय गुण न होने का खुलासा किया है।
यूनिवर्सिटी के वेटरिनरी पब्लिक हेल्थ एंड एपिडेमियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. वाई सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने ही यह शोध किया कि गोमांस में कोई औषधीय गुण है या नहीं, जिसमें पाया गया कि गोमूत्र तो रामबाण है, चूंकि यह गाय के शरीर के सकारात्मक अंशों से बनता है, जबकि गोमांस में इसलिए कोई औषधीय गुण नहीं है, क्योंकि गो मांस गाय के शरीर के नकारात्मक या गंदगी को सोखता है।
एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया के मास्टर ट्रेनर नरेश कादियान ने बीते वर्ष जून महीने में हरियाणा के पशुपालन एवं डेयरी विभाग से भी गोमांस में औषधीय गुण स्पष्ट करने को लेकर पत्र लिखा था, लेकिन विभाग ने इससे पल्ला झाड़ते हुए इसके शोध का जिम्मा सिर्फ हिसार यूनिवर्सिटी के पास बताया था। विभाग के निदेशक ने कादियान को सुझाया था कि वह यूनिवर्सिटी से ही इस मामले में जांच कराकर रिपोर्ट लें।