साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी ठहराए जाने पर गुरमीत राम रहीम को केंद्र सरकार की ओर से मिली जेड प्लस सुरक्षा हटा ली गई है। सीबीआई की विशेष अदालत के जज जगदीप सिंह ने फैसला पढ़ने से पहले जैसे ही डेरामुखी को दोषी ठहराया और हिरासत में लेने के आदेश दिए।
सेना की ओर से राम रहीम को हिरासत में लेते ही केंद्र सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली। जिससे एक झटके में वह खास से आम हो गए। उनका पूरे का पूरा तामझाम धरा रह गया। मुख्य सचिव डीएस ढेसी ने बताया कि डेरा सच्चा सौदा सिरसा से पंचकूला तक डेरामुखी के काफिले में उनके और जेड प्लस सुरक्षा के ही वाहन थे। सरकार ने डेरे के बाहर से लेकर पंचकूला कोर्ट तक उनकी सुरक्षा का प्रबंध किया था।
कोर्ट परिसर में मात्र पांच वाहनों को ही प्रवेश करने दिया गया। काफिले के साथ आए वाहनों से घातक हथियार मिले हैं। पुलिस ने एक वाहन से एक एके-47, एक माऊजर व दूसरे वाहन से दो राइफल व पांच पिस्तौल बरामद की हैं। वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। वाहन में आए डेरा समर्थकों पर घातक हथियार रखने को लेकर केस दर्ज किया गया है। उनका पूरा रिकार्ड जुटाकर जरूरी कार्रवाई जल्द की जाएगी।