छह दिनों की रिमांड खत्म होने के बाद हनीप्रीत को मंगलवार दोपहर बाद अदालत में फिर पेश किया जाएगा। रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में कोई बड़ा खुलासा नहीं हो सका है, इसलिए पुलिस 10 दिन का रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी। पूछताछ के दौरान रोजाना हनीप्रीत के सेहत की जांच की गई और इस दौरान वह फिट रही।
हनीप्रीत से हुई पूछताछ में पुलिस की अलग अलग टीमों ने सच उगलवाने की काफी कोशिशें की, लेकिन कोई बड़ा खुलासा अब तक नहीं हो सका। इसे देखते हुए पुलिस अब हनीप्रीत के रिमांड की अवधि बढ़ाने की मांग करेगी।
25 अगस्त को पंचकूला में हुई हिंसा की साजिश मामले में पुलिस ने हनीप्रीत के खिलाफ मामला दर्ज कर, उसे गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन गिरफ्तारी के बाद से उसे बठिंडा, गुरुदासपुर सहित कुछ और जगहों पर ले जाया गया। जब हनीप्रीत को निशानदेही के लिए ले जाया गया तो उस दौरान भी पुलिस को कोई खास जानकारी नहीं मिली है।
हनीप्रीत से हुई पूछताछ में पंचकूला में दंगा भड़काने के लिए सवा करोड़ रुपये दिए जाने की बात का भी खुलासा हुआ है। इस मामले में गिरफ्तार एक अन्य आरोपी राकेश के नाम पर अप्रैल माह में 50 लाख रुपये कैश ले जाने का भी मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक पंचकूला हिंसा के लिए भी रकम उसी ने यहां तक पहुंचाई और पहले भी वह कैश लेन देन का काम करता रहा है।