चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से रविवार को बीएड प्रथम सेमेस्टर, यूसोल, रि-अपीयर और यूजी-पीजी प्रथम सेमेस्टर के मेडिकल केस वाले विद्यार्थियों के लिए परीक्षा संबंधी नए दिशानिर्देश जारी किए गए। बीएड प्रथम सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षाएं 11 मई और यूजी-पीजी प्रथम सेमेस्टर के मेडिकल मामलों की परीक्षाएं 12 मई से शुरू हो रही हैं।
परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार कॉलेज के बीएड प्रथम सेमेस्टर के छात्र अपने कॉलेजों को उत्तरपुस्तिका की एक एकल पीडीएफ (सॉफ्ट कॉपी) ईमेल करेंगे। उत्तरपुस्तिका की हार्ड कॉपी जमा करने के लिए किसी भी छात्र को कॉलेज परिसर में नहीं जाना है। उत्तरपुस्तिका की सॉफ्ट कॉपी परीक्षा खत्म होने के 90 मिनट के अंदर ईमेल करनी आवश्यक है। छात्रों को अपनी उत्तरपुस्तिका की पीडीएफ अपनी ईमेल आईडी से भेजना अनिवार्य है।
कॉलेज के छात्र अपनी उत्तरपुस्तिका पंजाब यूनिवर्सिटी पोर्टल पर अपलोड नहीं करेंगे। इसके अलावा परिणाम घोषित होने तक छात्रों को उत्तरपुस्तिका की हार्ड कॉपी अपने पास रखनी है। कॉलेजों के यूजी-पीजी प्रथम सेमेस्टर के मेडिकल मामले वाले विद्यार्थी ऑनलाइन परीक्षाओं में उपयुक्त निर्देशों का पालन करेंगे।
यूसोल और रि-अपीयर विद्यार्थियों के लिए ये निर्देश
यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग, प्राइवेट और रि-अपीयर के विद्यार्थियों को परीक्षा के पूरा होने के 90 मिनट के भीतर विश्वविद्यालय पोर्टल पर ऑनलाइन उत्तरपुस्तिका के एकल पीडीएफ (सॉफ्ट कॉपी) को अपलोड करना आवश्यक है। छात्रों को अपनी उत्तरपुस्तिका की पीडीएफ को अपनी ईमेल आईडी पर भी ईमेल करना होगा और यह भी परीक्षा पूरी होने के 90 मिनट के भीतर किया जाना चाहिए। उत्तरपुस्तिका की हार्डकॉपी भी विश्वविद्यालय को भेजनी होगी। हालांकि कर्फ्यू के मद्देनजर और स्वास्थ्य देखभाल को देखते हुए विद्यार्थी को पोस्ट में छूट दी जाती है। पहले सुबह की पारी वाले विद्यार्थियों को दोपहर तीन बजे और शाम की पारी वाले विद्यार्थियों को अगले दिन पोस्ट ऑफिस खुलने के दो घंटे के अंदर उत्तरपुस्तिका पोस्ट करनी पड़ती थी। यूनिवर्सिटी ने इसमें छूट देते हुए कहा है कि छात्र परीक्षा के तुरंत बाद उत्तरपुस्तिका को एक लिफाफे में सील कर देंगे और परीक्षा समाप्त होने तक इसे अपने पास रख लेंगे। छात्र निर्धारित परीक्षाओं के पूरा होने के बाद अपनी सभी उत्तरपुस्तिकाओं को विश्वविद्यालय में पोस्ट कर सकते हैं। जिन स्थानों पर स्थानीय प्रशासन लोगों को पोस्ट ऑफिस जाने की अनुमति देता है, वहां छात्र परीक्षा के उसी दिन उत्तरपुस्तिका पोस्ट कर सकते हैं। यदि उत्तरपुस्तिका की अपलोड की गई पीडीएफ और उत्तर पुस्तिका की हार्डकॉपी में कोई परिवर्तन पाया जाता है तो दोनों उत्तरपुस्तिकाओं को खारिज कर दिया जाएगा और परिणाम रोक दिया जाएगा। इसके लिए छात्रों को विश्वविद्यालय पोर्टल पर उत्तरपुस्तिका अपलोड करते समय अंडरटेकिंग को स्वीकार करना आवश्यक है। यूनिवर्सिटी के यूसोल और रि-अपीयर के मेडिकल मामलों के विद्यार्थियों के लिए भी यही निर्देश लागू होंगे।