मोहाली। फेज-1 थाना पुलिस ने 2.30 करोड़ रुपये बयाना लेकर प्लॉट की रजिस्ट्री न करवाने और प्लॉट दूसरे को बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। ये आरोपी चंडीगढ़ के एक पूर्व पार्षद के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान रुपिंदर सिंह, बलविंदर कौर, जसपाल सिंह व रणजोध सिंह सभी निवासी सेक्टर-27ए चंडीगढ़ के रूप में हुई है। इन आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-70 निवासी सौरव गोयल के बयान पर मामला दर्ज किया गया है।
फेज-1 थाने के एसएचओ जगदीप सिंह ने बताया कि रुपिंदर सिंह, बलविंदर कौर व रणजोध सिंह को पुलिस ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जसपाल सिंह फरार है। उसकी तलाश जारी है। इन तीनों को शुक्रवार को मोहाली अदालत में पेश किया गया। अदालत ने तीनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
सौरव गाेयल ने अपने साथ धोखाधड़ी मामले की शिकायत एसएसपी मोहाली से की थी। इसके बाद जांच के लिए मामला फेज-1 थाने भेजा गया था। शिकायतकर्ता ने बताया है कि औद्योगिक क्षेत्र फेज-8बी में प्लॉट नंबर डी-215 में रुपिंदर सिंह का 40 फीसदी, बलविंदर कौर का 20 फीसदी, जसपाल सिंह और रणजोध सिंह का 20-20 फीसदी हिस्सा है। ये चारों प्लॉट में हिस्सेदार हैं। 5 जनवरी 2024 को आरोपियों के साथ प्लॉट बिक्री को लेकर एग्रीमेंट हुआ था। उस समय इन हिस्सेदारों को बयाने की रकम 2 करोड़ 30 लाख रुपये दी गई और 70 लाख रुपये के चेक दिए थे। आरोपियों ने बयाना रकम लेकर तय तारीख पर प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करवाई और बयाना होने के बावजूद प्रॉपर्टी का सौदा आगे दूसरी पार्टी के साथ 16 करोड़ 50 लाख रुपये में कर लिया, जिसमें से 10 लाख रुपये भी ले लिए। इसका पता चलने एसएसपी मोहाली को शिकायत दी। पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया।