मनीमाजरा। चलती ई-रिक्शा पर सवार होकर चार बदमाशों ने चाकू दिखाकर एक युवक से 70 हजार रुपये लूट लिए। घटना मौलीजागरां की चरणसिंह कॉलोनी के पास के पास हुई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग गए। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से लुटेरों की पहचान की जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में मौलीजागरां की चरण सिंह काॅलोनी निवासी राम सिंह ने बताया कि वह सब्जी मंडी में सब्जी और फल बेचने का काम करता है। वह सब्जी मंडी से ई-रिक्शा में अपने घर जा रहा था। जब वह चरण सिंह काॅलोनी के सरकारी स्कूल के पास पहुंचा तो चार युवक चलती ई-रिक्शा में चढ़ गए। उनमें से एक ने चाकू निकाला और उसकी गर्दन के पास सटा दिया। बदमाशों ने कहा कि जो उसके पास है निकाल दे, नहीं तो जान से मार देंगे। इस पर वह घबरा गया और उसने पास रखे 70 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।