चंडीगढ़। रीजनल सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (आरसीईडी) चंडीगढ़ के निदेशक परमजीत सिंह के नेतृत्व में बुधवार को जोहो कॉरपोरेशन के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ। इस अवसर पर जोहो कारपोरेशन का प्रतिनिधित्व ग्लोबल हेड मोहम्मद रमीज ने किया। समारोह में सेक्टर-11 के पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर डॉ. जेके सहगल सहित कई गणमान्य मौजूद थे।
इस साझेदारी के तहत आरसीईडी ने अपने नवीनतम कौशल विकास कार्यक्रम के सफल उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। यह कार्यक्रम युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार करने पर केंद्रित है। आरसीईडी की टीम ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आगे कहा कि जोहो कॉरपोरेशन भारत की नवाचार और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। भारत में स्थापित इस कंपनी ने क्लाउड-आधारित एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर समाधान और व्यवसाय प्रबंधन, सहयोग व उत्पादकता के उपकरण विकसित किए हैं। इसका तेजी से बढ़ना भारतीय इंजीनियरिंग की गुणवत्ता और डिजिटल भारत के विजन का उदाहरण है।