एक तेल टैंकर को आईईडी टिफिन बम से उड़ाने की कोशिश में शामिल आईएसआई समर्थित आतंकवादी मॉड्यूल के चार और सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने जिला गुरदासपुर पुलिस के अधिकार क्षेत्र में सुरक्षा का घेरा बढ़ा दिया है। गुरुवार को जिले में 25 नाके लगाकर जांच की गई।
वहीं जिले के एंट्री प्वाइंट्स पर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। 30 टीमों की पेट्रोलिंग के लिए ड्यूटी लगाई गई है। गुरदासपुर शहर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीमें चेकिंग कर रही हैं। वहीं लोगों के आईडी प्रूफ भी चेक किए जा रहे हैं। उधर, एसएसपी ने भी जिले के लोगों से अपील की है कि अगर संदिग्ध व्यक्ति या कोई वस्तु दिखाई दे तो तुरंत 112 नंबर या फिर निकटतम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने बताया कि सभी थानों के प्रभारियों को सख्ती से सुरक्षा प्रबंधों को बढ़ाने का निर्देश दिया है। जिले में 25 पुलिस नाके लगाए गए हैं। वहीं 30 टीमें पेट्रोलियम के लिए लगाई गई हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षा प्रबंधों को बरकरार रखने के लिए और टीमों का गठन किया जा रहा है।