विपक्षी दलों की ओर से चुनाव को लेकर शुरू की गई गतिविधियों के बाद शिरोमणि अकाली दल (ब) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने भी चुनावी बिगुल फूंकते हुए युवाओं को विशेष रूप से सक्रिय करने पर जोर दिया।
चंडीगढ़ कार्यालय में शिअद के विभिन्न विंगों के पदाधिकारियों के साथ बैठक में सुखबीर ने जहां उन्हें चुनाव संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं कई लुभावनी योजनाएं लागू करने की भी घोषणा की।
उपमुख्यमंत्री ने जहां प्रदेश की महिलाओं के बीच चार लाख सिलाई मशीनें बांटने की घोषणा की, वहीं सूबे में 2500 महिला कांस्टेबल की जल्द भर्ती का एलान भी किया।
इसके अलावा उन्होंने युवाओं के लिए 100-100 स्किल सेंटर खोलने की भी बात कही। इतना ही नहीं उन्होंने महिलाओं को हरमंदिर साहिब और विरासत-ए-खालसा के दर्शन करवाने के लिए विशेष बसें चलाने का एलान किया।
पार्टी के पदाधिकारियों के अलावा यूथ विंग, महिला विंग, एससी-एसटी विंग के साथ अलग-अलग बैठक कर सुखबीर ने जहां उनकी शिकायतें और सुझाव सुने।
वहीं पिछले नौ सालों में अकाली दल-भाजपा गठबंधन सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने को कहा।
सुखबीर ने कहा कि कांग्रेस और आप के नेता पंजाब और पंजाबियत को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें मुंह तोड़ जवाब देने के लिए सरकार की उपलब्धियां लोगों तक ले जाना प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
इसी क्रम में ब्लाक, जिला और जोन स्तर पर बैठकें कर प्रभावशाली नौजवान वक्ताओं को यह ड्यूटी लगाई जाए। यूथ अकाली दल के सरपरस्त बिक्रमजीत सिंह मजीठिया ने कहा कि 117 विधानसभा हलकों में बैठकें कर युवाओं में उत्साह भरने का काम किया जाएगा।
बैठक में शिक्षा मंत्री और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता दलजीत सिंह चीमा, महिला विंग की प्रधान बीबी जगीर कौर, एससी विंग के इंचार्ज गुलजार सिंह रणिके, एसटी विंग के प्रधान हीरा सिंह गाबड़िया, मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों, सीनियर अकाली नेता बीबी महिंदर कौर जोश, बलबीर सिंह घुन्नस, एनके शर्मा, निसारा खातून, उपमुख्यमंत्री के ओएसडी चरणजीत सिंह बराड़, सलाहकार मनजिंदर सिंह सिरसा और पूर्व एमपी सतविंदर कौर धालीवाल उपस्थित थीं।
एससी विंग का कैंप आनंदपुर साहिब में
शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा कि पार्टी की एससी विंग को विशेष चुनावी ड्यूटियां देने के लिए जल्द ही आनंदपुर साहिब में राज्य स्तरीय कैंप लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसएसी-एसटी के लिए सरकार ने कई योजनाएं लांच की हैं। उन्हें लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोग स्कीमों का लाभ उठा सकें।