सोने के भाव दोगुने होने के बावजूद बाजार में उत्साह, 1000 से ज्यादा गाड़ियों की डिलेवरी तय
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। धनतेरस को लेकर शहर के बाजार पूरी तरह सज गए हैं। कारोबारियों का कहना है कि शनिवार दोपहर से धनतेरस की खरीददारी शुरू हो जाएगी। इस बार जीएसटी स्लैब में छूट मिलने से बाजार को पिछले साल की तुलना में बेहतर कारोबार की उम्मीद है। खासतौर पर सर्राफा, बर्तन और ऑटोमोबाइल सेक्टर पर सबकी नजरें हैं।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में तेजी
शहर के अलग-अलग शोरूम मिलाकर करीब 1000 से ज्यादा गाड़ियों की डिलेवरी धनतेरस से दिवाली तक की जाएगी। शोरूम मालिकों का कहना है कि गाड़ियां पहले ही तैयार कर ली गई हैं और त्योहार पर बस चाबी देने का काम किया जाएगा। पिछले साल केवल 600 गाड़ियां बिकी थीं।
सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की बिक्री
सोने के भाव पिछले साल से दोगुने होने के बावजूद भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ है। सुंदर ज्वैलर्स के मालिक महेंद्र खुराना ने बताया कि उनके पास 1000 रुपये के सोने के सिक्के उपलब्ध हैं। इस साल सोने की बिक्री में अगर पिछले साल के 100 किलो के स्तर तक पहुंचा गया तो करीब 136 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। चांदी और अन्य आभूषण मिलाकर कारोबार 200 करोड़ रुपये से ऊपर जा सकता है।
खरीददारों की भीड़ चार-पांच गुना बढ़ी
शहर के सेक्टर 22, 19, 21, 37 और 15 में खरीददारों की भीड़ चार-पांच गुना बढ़ गई है। पार्किंग की समस्या को देखते हुए कुछ जगहों पर विशेष व्यवस्था भी की गई है। इलेक्ट्रॉनिक सामान पर जीएसटी में छूट मिलने से टीवी, फ्रिज, एसी समेत अन्य वस्तुएं सस्ती हुई हैं जिससे कस्टमर की संख्या पिछले साल की तुलना में अधिक होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के अनुसार पिछले साल शहर में करीब 600 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था जबकि इस बार यह आंकड़ा 720 से 750 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।