हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पुनर्नियुक्ति के तहत सेवाएं दे रहे सेवानिवृत्त शिक्षकों की स्कूल शिक्षा विभाग ने छुट्टी कर दी है। अब उनकी सेवाएं स्कूलों में नहीं ली जाएंगी। 28 फरवरी को विभाग ने पुनर्नियुक्त सीएंडवी-जेबीटी और टीजीटी की अनुबंध सेवाओं को समाप्त कर दिया है। स्कूलों में पद खाली पड़े होने के कारण इन्हें पुनर्नियुक्ति दी गई थी।
छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके मद्देनजर विभाग ने सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवाएं शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में लेने का निर्णय लिया था। फरवरी महीने तक ही स्कूलों में सुचारु रूप से कक्षाएं चलती हैं। मार्च महीने को परीक्षाओं का महीना माना जाता है। ऐसे में अब पुनर्नियुक्त शिक्षकों की जरूरत विभाग को स्कूलों में महसूस नहीं हो रही थी। चूंकि, शैक्षणिक सत्र लगभग पूरा हो चुका है।
नए सत्र की शुरुआत अप्रैल 2019 से होनी है। ऐसे में स्कूलों में सेवारत सेवानिवृत्त शिक्षकों को विभाग मार्च महीने का वेतन बिना किसी कार्य के नहीं देना चाहता। सेकेंडरी शिक्षा निदेशालय ने बीते गुरुवार को सभी जिला शिक्षा और मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर सभी पुनर्नियुक्त जेबीटी, सीएंडवी और टीजीटी शिक्षकों को तुरंत प्रभात से रिलीव करने के आदेश जारी किए थे।
शुक्रवार को रिलीव लेटर जारी कर दिए गए। सेकेंडरी शिक्षा निदेशालय जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे पत्र में साफ किया है कि वर्तमान सत्र में अब इनकी जरूरत नहीं है। नए सत्र 2019-20 में दोबारा नियुक्ति करने के लिए सक्षम अधिकारी की ओर से दिशा निर्देशा जारी कर दिए जाएंगे। अगले सत्र में जरूरत पड़ने पर सेवानिवृत्त शिक्षकों के आवेदन ईआरटीएस पोर्टल पर मांगेंगे।