अंतरराष्ट्रीय यात्री जो भारतीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर निगेटिव आरटी-पीसीआर टेस्ट की रिपोर्ट जमा नहीं कराएंगे, उनका रैपिड एंटीजन टेस्टिंग (आरएटी) किटों के साथ टेस्ट किया जाएगा। आरएटी में कोविड-19 की रिपोर्ट निगेटिव आती है तो वह घरेलू एकांतवास को विकल्प के रूप में चुन सकते हैं।
आरएटी द्वारा टेस्ट किए जाने के बाद वह अपने जिलों के प्रोटोकोल के अनुसार भारत पहुंचने से 5वें दिन कोविड -19 के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट करवाएंगे। यदि रिपोर्ट निगेटिव आती है तो उनका घरेलू एकांतवास खत्म हो जाएगा। वह अगले 7 दिनों के लिए अपनी स्वास्थ्य की खुद निगरानी करेंगे और अगर कोई लक्षण दिखाई देता है तो वह स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट करेंगे। यदि कोविड-19 के लिए आरटी-पीसीआर पॉजिटिव पाया जाता है तो उनकी डॉक्टरी तौर पर जांच की जाएगी और पंजाब कोविड-19 प्रबंधन प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू ने बताया कि यह संशोधित दिशा निर्देश पंजाब के सभी डिप्टी कमिश्नरों और सिविल सर्जनों को जारी किए गए हैं। यदि कोविड-19 के लिए आरएटी पॉजिटिव आता है तो संबंधित व्यक्ति घरेलू एकांतवास, सरकारी एकांतवास सुविधा या भुगतान के आधार पर निजी अस्पतालों के विकल्प का चयन कर सकता है।
देना होगा स्व-घोषणा पत्र
सड़क यात्रा कर पंजाब आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्री अपने निजी और स्वास्थ्य संबंधी विवरण की स्व-घोषणा करेंगे। इसकी एक कॉपी स्टेट अधिकारी को भी दी जाएगी। प्रवेश पर यात्रियों की स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुसार जांच भी की जाएगी।
यात्रियों को भी स्वास्थ्य अधिकारियों, जिला प्रशासन को अपनी स्वास्थ्य की स्थिति संबंधी स्व-निगरानी के लिए लिखित आवेदन देना होगा और कोवा एप डाउनलोड कर एक्टिव रखना होगा। अगर कोई लक्षण नजर आते हैं तो वह जिला निगरानी अधिकारी या जिला प्रशासन को सूचित करेगा।
इसे भी देखें: हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब भी करें-