10 साल की बेटी के बैग से सुसाइड नोट मिला, जिसे पढ़कर मां सदमे में है। पिता के भी होश उड़ गए, जब बेटी की आपबीती सुनी। मामला हरियाणा के रोहतक का है। मेडिकल मोड़ स्थित एक कॉलोनी में दस साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।
अधेड़ उम्र का आरोपी मकान मालिक पिछले काफी समय से मां बाप को मारने की धमकी देकर बच्ची को हवस का शिकार बना रहा था। शुक्रवार सुबह जब बच्ची की मां को उसके स्कूल बैग से एक सुसाइड नोट मिला तो मामले का खुलासा हुआ। जब परिजन मेडिकल जांच के लिए महिला पुलिस के पास पहुंचे तो उन्होंने जांच करवाने से इनकार कर दिया।
एसपी की डांट के बाद पीड़िता की देर रात मेडिकल जांच करवाई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल बच्ची बहुत ज्यादा घबराई हुई है। उससे मामले में ज्यादा पूछताछ नहीं की जा रही है। स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस मामले में पूछताछ करेगी। आरोपी मकान मालिक अपनी पत्नी के साथ रहता है। उसके बच्चे रोहतक से बाहर रहते हैं।
पिता ने शिकायत में ये सब जानकारी दी
बच्ची के साथ दुराचार
पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से हिसार के रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह काफी समय से मेडिकल मोड़ के पास एक कॉलोनी में किराये के मकान में रहता है। यहां पर उसने मकान मालिक की दुकान भी किराये पर ले रखी है। उसके मकान के पास ही दूसरे मकान में मालिक रहता है। उसकी बड़ी बेटी छठी कक्षा में पढ़ाई करती है। वह अक्सर मकान मालिक के घर चली जाती थी।
शुक्रवार को सरकारी अवकाश होने के कारण उनकी बेटी घर पर ही थी। सुबह करीब ग्यारह बजे छात्रा की मां ने पढ़ाई करवाने के लिए उसके बैग से किताब निकाली। उसे एक किताब के अंदर से एक खत मिला। खत पढ़ा तो मां के होश उड़ गये। यह उसकी बेटी के द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट था। सुसाइड नोट में बेटी ने अपने मकान मालिक पर दुष्कर्म का आरोप लगा रखा था। जब बेटी से उसने पूछा तो बिलखते हुए सारे घटनाक्रम के बारे में बताया।
बच्ची ने सुसाइड नोट में ये लिखा था
मम्मी पापा, मेरे साथ रेप हो रहा है। उसका नाम राजबीर है। मम्मी मुझे बचा लो। वो मुझे धमकी देता है। कहता है कि अगर तूने किसी को भी बताया तो मैं तेरे मम्मी पापा को मार दूंगा। नीचे पीड़िता ने अपना नाम लिखा है। परिजनों का कहना है कि शुक्र है कि बेटी द्वारा कोई गलत कदम उठाने से पहले ही सारे मामले के बारे में पता चल गया। बच्ची के मामा का कहना है कि यदि बैग से सुसाइड नोट नहीं मिलता तो कोई भी अनहोनी हो सकती थी।
खुलासा हुआ तो आरोपी पक्ष ने किया डैमेज कंट्रोल का प्रयास
child rape
मकान मालिक की सारी करतूत का खुलासा होने पर उसने मामले में डैमेज कंट्रोल करने का प्रयास किया। वारदात का पता चलने पर सारे पड़ोसी पीड़ित के घर आ गये। कुछ ही देर में आरोपी पक्ष भी वहां पहुंच गया। यहां पर आरोपी पक्ष ने मामले को दबाने का प्रयास किया। रुपयों का लेनदेन कर मामले को रफा दफा करने की कोशिश की। लेकिन छात्रा ने सभी के सामने आरोपी की पोल खोल दी। छात्रा ने बताया कि आरोपी पिछले काफी समय से उसे हवस का शिकार बना रहा था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता था। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर महिला थाने में पहुंचे।
महिला थाने की पुलिस ने किया जांच से इनकार
जब पीड़ित पक्ष बच्ची को लेकर महिला थाने में पहुंचे तो यहां एक महिला अधिकारी ने मेडिकल जांच कराने से इनकार कर दिया। पीड़िता के मामा ने बताया कि कई बार महिला पुलिस अधिकारी से बच्ची की मेडिकल जांच कराने की गुहार लगाई। लेकिन उसने एक नहीं सुनी। इसके बाद पीड़िता के मामा ने एसपी पंकज नैन से उनके आवास पर मुलाकात करके सारी कहानी बताई। फिर एसपी ने पीड़िता और संबंधित पुलिस अधिकारी को बुलाया और अधिकारी को डांट लगाई। इसके बाद पुलिस ने बच्ची की मेडिकल जांच कराने भेजा। रात करीब सवा दस बजे बच्ची की मेडिकल जांच करवाई गई।
पीड़ित बच्ची के बयान पर आरोपी राजबीर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची की मेडिकल जांच करवा दी गई है।
- इंस्पेक्टर सुनीता, एसएचओ महिला थाना