नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर युवती के गले में जबरन वरमाला डाली, फोटो खींची और बाद में रेप होने का मामला सामने आया है। घटना, रेवाड़ी की है। पुलिस ने आरोपी गोकलगढ़ निवासी सोनू के खिलाफ अपहरण व बंधक बनाकर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। पीड़ित युवती 25 अप्रैल को जब संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गई थी तो पिता ने इसकी सूचना थाना रामपुरा को देकर मामला दर्ज करवाया था। गत युवती शिकायत लेकर अपने पिता के साथ रामपुरा थाने में पहुंची।
युवती ने बताया कि 24 अप्रैल को वह घर पर अकेली थी, उसी समय गोकलगढ़ निवासी सोनू बाइक लेकर उसके घर आया और उसकी सहेली से मिलाने का बहाना बनाकर साथ ले गया। गांव से कुछ दूरी पर ही उसे एक बोलैरो में बैठा लिया व बोलैरो का चालक बाइक लेकर चला गया। कुछ दूर चलने पर सोनू ने उसे कोल्डड्रिंक पिलाई। इसके बाद वह अचेत हो गई और जब होश आया तो वह एक कमरे में थी। वहां कुछ और लोग भी मौजूद थे।
उन्होंने जान से मारने की धमकी देकर जबरन वरमाला को सोनू के गले में डलवाई। उन्होंने इस दौरान उसका यह फोटो खींच लिया और धमकी दी और हस्ताक्षर भी ले लिए। बाद में सोनू उसे गोकलगढ़ ले गया और दुष्कर्म करता रहा। पिता ने बताया कि वह किसी तरह बेटी तक पहुंचा।पुलिस ने मामला दर्ज कर बीती शाम को सोनू को गिरफ्तार कर लिया। उसे आज अदालत में पेश कर दिया है।