कहा-ग्लोबल सिटी की डीपीआर जल्द से जल्द करें तैयार
गुणवत्ता जांच के लिए विभाग अपने स्तर पर लैब स्थापित करें
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने बुधवार को यहां एचएसआईडीसी, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभागों की कार्यप्रणाली पर समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों को शुरू करने से लेकर सभी प्रकार की अनुमति लेने तक की प्रक्रिया को और सरल बनाया जाए। उन्होंने औद्योगिक रूप से पिछड़े ब्लॉक सी और डी में नए औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि केएमपी एक्सप्रेस वे की गुणवत्ता में कमी है, इसे संबंधित ठेकेदार से ठीक करवाया जाए। ग्लोबल सिटी की डीपीआर जल्द से जल्द तैयार करवाई जाए। इसी प्रकार जो भी लंबित परियोजनाएं हैं, उन्हें भी तत्परता के साथ सिरे चढ़ाया जाए।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी विकास कार्य चल रहे हों, वहां संबंधित अधिकारी समय-समय पर दौरा कर गुणवत्ता की जांच जरूर करें। इसके अलावा जहां भी औद्योगिक टाउनशिप स्थापित है, वहां भी दौरा कर समस्याओं का जल्द समाधान करें। उन्होंने कहा कि एचएसआईडीसी अपने इंजीनियरिंग विंग को और मजबूत करें। स्वयं की लैब बनाकर अपने स्तर पर गुणवत्ता की जांच करें। बैठक के दौरान विभाग के एसीएस अरुण कुमार गुप्ता, महानिदेशक सीजी रजनी कांथन, एचएसआईडीसी के प्रबंधक निदेशक सुशील सारवान मौजूद रहे।