भाजपा नेता राव इंद्रजीत सिंह कहते हैं कि रुठों को मना लिया जाएगा। इस बार मेरा भाई हारेगा और कमल खिलेगा। भाजपा में टिकट वितरण को लेकर जो विवाद उठे थे वह शांत हो गए हैं। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना तय है। कोसली विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी भारी मतों से जीत दर्ज करेगा।
भाजपा नेता राव इंद्रजीत सिंह कहते हैं कि कांग्रेस से चाहे उनका भाई ही चुनाव में उतरेगा उसे भी हार का मुंह देखना पड़ेगा। इन बातों का उल्लेख शहीदी दिवस पर रामपुरा स्थित निवास पर पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत ने प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान किया।
राव ने कहा कि जो लोग बीजेपी में कुछ समय पहले शामिल हुए, उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट मिली लेकिन जो कार्यकर्ता पिछले 15-20 साल से पार्टी में उन्हें टिकट न मिलने से उनमें रोष है। सभी को समझाने का प्रयास किया जाएगा और दो-चार दिनों में यह रोष शांत हो जाएगा।
रिश्तेदारी निभाना नहीं, राज कायम करना लक्ष्य
राव ने कहा कि पार्टी ने 8-10 सीटों पर उनके नजदीकियों को टिकट दिया है। जो भी बीजेपी के प्रत्याशी हैं वह मेरे हैं और उन्हें जिताने का पूरा प्रयास किया जाएगा। पार्टी उम्मीदवार 25 सितंबर से नामांकन दाखिल करेंगे।
26 सितंबर को कोसली और बावल के उम्मीदवार नामांकन करेंगे। कोसली सीट पर राव के नजदीकी विक्रम ठेकेदार को टिकट मिली है। उधर दो बार विधायक रह चुके उनके छोटे भाई यादुवेंद्र को ही कांग्रेस से टिकट मिलने की उम्मीद है।
इस पर राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि कोसली में इस बार कमल खिलेगा और कांग्रेस की हार होगी। रिश्तेदारी निभाना नहीं, बल्कि राज कायम करना अहम मुद्दा है। इसलिए वह कोसली में जमकर प्रचार करेंगे।
पीएम मोदी 8 रैलियां करेंगे हरियाणा में
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश में 8 जलसे होंगे। अभी तक नरेंद्र मोदी लोस चुनाव से पहले रेवाड़ी में एक बड़ी रैली को संबोधित कर चुके हैं। लोकसभा चुनाव में गुड़गांव क्षेत्र में भी मोदी ने उनके पक्ष में प्रचार किया था। अबकी बार दक्षिण हरियाणा में प्रधानमंत्री मोदी की रैली नारनौल में करवाना प्राथमिकता होगी।
रेवाड़ी सीट पर नहीं बोले
बेटी आरती राव को रेवाड़ी सीट से विधानसभा का टिकट न मिलने पर राव इंद्रजीत सिंह उलझकर रह गए हैं। राव इंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को कार्यकर्ताओं से जिले के दो विधानसभा क्षेत्र बावल और कोसली सीट पर पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करने के लिए कार्यकर्ताओं से कहा, लेकिन रेवाड़ी सीट पर वह कुछ नहीं बोले।
हालांकि रेवाड़ी सीट पर बीजेपी की ओर से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रणधीर सिंह कापड़ीवास को टिकट दिया गया है। कापड़ीवास भी इंद्रजीत के आवास पर पहुंचे। लेकिन उन्हें राव इंद्रजीत सिंह के ‘आशीर्वाद’ के बिना खाली हाथ ही लौटना पड़ा। इस दौरान राव इंद्रजीत सिंह ने यह भी कहा कि वह अपनी बात रखने के लिए परिवारवाद को लेकर पार्टी के अंदर सवाल भी करेंगे।