रणजी सीजन की शुरुआत पंजाब ने जीत के साथ की है। पीसीए स्टेडियम में रणजी ट्राफी ग्रुप बी के चार दिवसीय लीग मैच के चौथे एवं अंतिम दिन पंजाब ने रेलवे को पारी और 126 रन से करारी शिकस्त दी।
इस जीत के साथ पंजाब को सात अंक मिले। इससे पहले सुबह के सत्र में दूसरी पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 125 रन से आगे खेलने उतरी रेलवे की पूरी टीम 282 के स्कोर पर सिमट गई। अरिंदम घोष शतक बनाने चूके और 98 के स्कोर पर आउट हो गए।
इस पारी में उन्होंने 14 चौके और दो छक्के जड़े। साथ ही प्रशांत अवस्थी ने 44 और अरनब नंदी 33 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब के स्पिनर वरुण खन्ना ने दूसरी पारी में कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 98 रन देकर रेलवे के आठ विकेट झटके।