रणदीप सुरजेवाला और कुमारी सैलजा।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा-जजपा गठबंधन की प्रदेश सरकार की घेराबंदी करने के लिए कांग्रेस में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का विरोधी गुट मंगलवार को एक मंच पर नजर आया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व राजस्थान से राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला, छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा और तोशाम से विधायक किरण चौधरी ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
तीनों नेताओं ने एक-दूसरे की तारीफ में कसीदे पढ़े लेकिन हुड्डा का एक बार भी नाम नहीं लिया। इन तीनों नेताओं का एक मंच पर आना चौंका गया। प्रेस वार्ता के बाद तीनों नेता एक ही गाड़ी से रवाना हुए और इस गाड़ी की स्टीयरिंग सुरजेवाला के हाथ में थी। सुरजेवाला के बगल वाली सीट पर कुमारी सैलजा बैठी थीं।
पत्रकार वार्ता की शुरुआत कुमारी सैलजा ने की। उन्होंने सुरजेवाला की तारीफ करते हुए कहा कि कर्नाटक चुनाव में रणदीप सुरजेवाला ने तो कमाल कर दिया। सुरजेवाला मुद्दों को गहराई में जाकर उठाते हैं। सैलजा ने किरण चौधरी के लिए कहा कि वे विधानसभा में मुद्दों को बुलंद आवाज देकर उठाती हैं। इसके बाद सुरजेवाला ने कहा कि हम सब कांग्रेस के सिपाही हैं और हम सभी की नजर मछली की आंख पर है। मछली की आंख को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि उनका इशारा प्रदेश के युवाओं के भविष्य की ओर है।
कांग्रेस के ये तीनों दिग्गज किसी मंच पर एक साथ बहुत कम देखे जाते हैं। तीनों ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा के विरोधी माने जाते हैं। हरियाणा कांग्रेस में सीएम चेहरे को लेकर लड़ाई पुरानी है। सभी अपना दावा पेश करते आए हैं और आलाकमान तक एक-दूसरे की खिलाफत भी करते रहे हैं। इन तीनों का एक साथ आना नई चर्चाओं को जन्म देने के साथ हरियाणा कांग्रेस में नए समीकरण की संरचना भी कर गया। मंच पर पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन और कालका के विधायक प्रदीप चौधरी भी थे।
हुड्डा खेमे के विधायक आज करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
कांग्रेस के तीनों दिग्गजों की प्रेस वार्ता के बाद हुड्डा खेमा भी सक्रिय हो गया है। हुड्डा खेमे से जुड़े विधायक भारत भूषण बत्रा, इंदुराज भालु, सुभाष गंगोली, बलबीर वाल्मीकि और जगबीर मलिक बुधवार प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे है। अब देखना होगा कि ये विधायक किन मुद्दों को उठाएंगे।