कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने उड़ी में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह इंटेलिजेंस की नाकामी है। सुरजेवाला ने इस पूरे प्रकरण की जांच के बाद सरकार से दोषियों को इस हमले का माकूल जवाब दिए जाने की उम्मीद जताई।
सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में सुरजेवाला ने कहा कि सैन्य ब्रिगेड की आंतरिक जानकारियां आखिरकार आतंकियों तक कैसे पहुंची, यह एक बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 माह के दौरान पाकिस्तान के साथ साड़ी-शॉल डिप्लोमेसी अपनाई है। वह बगैर किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के नवाज शरीफ के बुलावे पर पाकिस्तान जाकर शादी और जन्मदिन में शामिल हुए।
सुरजेवाला ने कहा कि दो साल में पाकिस्तान ने 900 से अधिक बार सीजफायर का उल्लंघन किया। इससे पहले उधमपुर, गुरुदासपुर, पठानकोट एयरबेस, पंपोर और उड़ी में हुए हमले मौजूदा सरकार की विफलता दर्शाते हैं।